Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 21, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    Mandi News: भूस्खलन और बाढ़ से सराज का संपर्क कटा, थुनाग में फिर बिगड़े हालात, 30 जून की तबाही से सहमे हैं लोग, VIDEO

    Updated: Mon, 21 Jul 2025 12:29 PM (IST)

    Heavy Rainfall In Mandi मंडी जिले में भारी बारिश के कारण सराज क्षेत्र में भूस्खलन और बाढ़ से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मंडी-चैलचोक-छतरी मार्ग अवरु ...और पढ़ें

    सराज के थुनाग में रिहायशी क्षेत्र के पास बह रही खड्ड व भूस्खलन से बंद जंजैहली सड़क।
    सराज के थुनाग में रिहायशी क्षेत्र के पास बह रही खड्ड व भूस्खलन से बंद जंजैहली सड़क।

    जागरण संवाददाता, मंडी। Heavy Rainfall In Mandi, जिला मंडी में रात से हो रही भारी बारिश के बाद सराज के लोग सहमे हुए हैं। भारी बारिश के कारण हो रहे भूस्खलन व नदी-नालों में आई बाढ़ से सराज का संपर्क फिर कट गया है। मंडी–चैलचोक–छतरी मार्ग बंद हो गया है। छतरी में भी 6 जगह भूस्खलन से मध्य सराज के रास्ते भी बंद हैं। थुनाग बाजार में रिहायशी क्षेत्र की ओर खड्ड का बहाव मुड़ा है, जिस कारण लोग दहशत में हैं। 

    सराज क्षेत्र के थुनाग उपमंडल में भूस्खलन और बाढ़ की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने सभी शिक्षण संस्थानों को आज बंद रखने का आदेश जारी किया है। स्कूलों और कालेजों में बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। स्थानीय लोगों में भारी बारिश और भूस्खलन को लेकर दहशत का माहौल है। 30 जून रात की बाढ़ और भूस्खलन से हुए जान-माल के नुकसान की यादें अभी भी ताजा हैं, जिससे लोग और सतर्क हैं। 

    मंडी जिले में जनजीवन प्रभावित

    मंडी जिले में रविवार रात दो बजे से शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। कीरतपुर-मनाली फोरलेन राजमार्ग मंडी के 4 और 9 मील पर पहाड़ से भारी मलबा और चट्टानें गिरने के कारण अवरुद्ध हो गया है। इस कारण सड़क पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। इससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

    हाईवे खोलने के लिए लगाई मशीनरी

    जिला प्रशासन ने सड़क को साफ करने के लिए जेसीबी और अन्य मशीनरी तैनात की है, लेकिन लगातार बारिश के कारण सफाई कार्य में देरी हो रही है। अधिकारियों ने बताया कि सड़क को जल्द खोलने के प्रयास जारी है, लेकिन मौसम की स्थिति इसे चुनौतीपूर्ण बना रही है।

    खबरें और भी

    नदी-नालों का जलस्तर खतरनाक स्तर पर

    भारी बारिश के कारण जिले में नदी-नालों का जलस्तर खतरनाक स्तर तक बढ़ गया है। ब्यास नदी और इसकी सहायक नदियों में उफान के कारण निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है।

    यह भी पढ़ें- हिमाचल में भारी बारिश का कहर, चंबा में बादल फटा, तीन हाईवे सहित 468 सड़कें बंद, 121 हुआ मौत का आंकड़ा, तस्वीरों में देखिए तबाही

    भारी बारिश की चेतावनी

    मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटों में और भारी बारिश की चेतावनी दी है, जिसके चलते प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों से दूर रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। जिला प्रशासन ने आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं और राहत व बचाव कार्यों के लिए टीमें तैनात की हैं। लोगों से सावधानी बरतने, मौसम की जानकारी लेते रहने और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने का अनुरोध किया गया है।

    यह भी पढ़ें- Mandi Landslide: मंडी-कुल्लू हाईवे पर पांच जगह भारी भूस्खलन, रात 10 बजे से आवाजाही बंद, सैकड़ों वाहन फंसे