हिमाचल में कमर्शियल वाहनों की अब मिनटों में पासिंग, नहीं करना पड़ेगा इंतजार; मंडी में भी खुला आधुनिक फिटनेस सेंटर
हिमाचल प्रदेश में व्यावसायिक वाहनों की पासिंग और फिटनेस के लिए अब लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। सुंदरनगर के कांगू ...और पढ़ें

हिमाचल में कमर्शियल वाहनों की अब आधुनिक सेंसर युक्त मशीनों से मिनटों में पासिंग होगी। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
कांगू में खुला हिमाचल का पहला निजी वाहन पासिंग सेंटर।
आधुनिक सेंसर से 8-10 मिनट में होगी वाहनों की जांच।
लंबा इंतजार और स्लॉट बुकिंग की झंझट से मुक्ति।
जागरण संवाददाता, मंडी। हिमाचल प्रदेश में व्यावसायिक वाहन मालिकों और चालकों के लिए राहत की बड़ी खबर है। अब गाड़ियों की पासिंग और फिटनेस प्रमाणपत्र हासिल करने के लिए महीनों तक अपनी बारी या विशेष तिथि का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। सुंदरनगर उपमंडल के कांगू में सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (मोर्थ) की देखरेख में निजी क्षेत्र का पहला अत्याधुनिक व्हीकल पासिंग सेंटर शुरू हो गया है।
लगभग चार बीघा क्षेत्र में फैले इस केंद्र के शुरू होने से मंडी और आसपास के क्षेत्रों के ट्रांसपोर्टरों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
आधुनिक सेंसर से 8 से 10 मिनट में होगी पासिंग
इस पासिंग सेंटर में गाड़ियों की जांच के लिए इंसानी दखल को न के बराबर कर दिया गया है। केंद्र में स्थापित आधुनिक ऑटोमैटिक उपकरणों और हाई-टेक सेंसर की मदद से वाहन के ब्रेक, सस्पेंशन, लाइट, एमिशन (प्रदूषण) और स्टीयरिंग की गहन जांच की जाएगी। पूरी जांच प्रक्रिया मात्र 8 से 10 मिनट में पूरी हो जाएगी। मानक सही पाए जाने पर तुरंत डिजिटल फिटनेस प्रमाणपत्र जारी कर दिया जाएगा।
स्लॉट बुकिंग के झंझट से मुक्ति, फीस ऑनलाइन
वाहन मालिकों को अक्सर सरकारी पासिंग के लिए स्लाट बुक करने और लंबे समय तक इंतजार करने की समस्या से जूझना पड़ता था। नए सेंटर में इस झंझट को पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है। वाहन मालिक कभी भी आकर अपनी गाड़ी का निरीक्षण करवा सकते हैं। इसके अलावा, पासिंग फीस जमा करने के लिए भी लंबी लाइनों में खड़े होने की जरूरत नहीं होगी। परिवहन विभाग के अधिकृत आनलाइन पोर्टल के माध्यम से सीधे फीस जमा की जा सकेगी।
केंद्र के खुलने की टाइमिंग
कामकाज को सुचारू रखने के लिए यह केंद्र सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक नियमित रूप से खुला रहेगा। इससे आपरेटर अपनी सुविधानुसार समय निकालकर वाहनों की पासिंग करवा सकेंगे। कांगू में शुरू हुआ यह सेंटर न केवल ट्रांसपोर्टरों का समय और धन बचाएगा, बल्कि सड़कों पर दौड़ने वाले वाहनों की सटीक जांच सुनिश्चित करके सड़क हादसों पर अंकुश लगाने में भी मददगार साबित होगा।
कांगू में शुरू हुए वाहन फिटनेस सेंटर के लिए प्रथम चरण में आरएलए सुंदरनगर की अधिसूचना जारी की गई है। चरणबद्ध तरीके से अन्य आरएलए की अधिसूचना भी जारी होगी।
-नवीन कुमार, आरटीओ, मंडी।
