Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    'सुक्खू सरकार अपनी लकीर खींचने के बजाय हमारी मिटाने में लगी', जयराम का हिमकेयर और सहारा योजना बंद करने पर हमला

    By Hansraj Saini Edited By: Rajesh Sharma
    Updated: Wed, 17 Jun 2026 04:52 PM (IST)

    जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर सहारा योजना के तहत जीवित लाभार्थी को कागजों में मृत दिखाकर पेंशन रोकने का आरोप लगाया। उन्होंने सरकार पर आर्थिक तंगी का ...और पढ़ें

    हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर। जागरण आर्काइव

    हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर। जागरण आर्काइव

    HighLights

    1. जीवित लाभार्थी को मृत दिखाकर सहारा पेंशन रोकी गई।

    2. सुक्खू सरकार पर जनकल्याणकारी योजनाएं बंद करने का आरोप।

    3. विपक्ष के खिलाफ दुष्प्रचार पर सरकारी धन का दुरुपयोग।

    जागरण संवाददाता, मंडी। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश की सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सहारा योजना के तहत एक जीवित लाभार्थी को कागजों में मृत दिखाकर उसकी पेंशन बंद करने के मामले को सरकार की संवेदनहीनता की पराकाष्ठा करार दिया। मंडी में पत्रकारों से बातचीत में जयराम ठाकुर ने खुलासा किया कि सराज क्षेत्र के छड़यांद निवासी सुरेश कुमार आज भी जीवित हैं, लेकिन सरकारी तंत्र ने कागजों में उन्हें मृत घोषित कर सहारा योजना की वित्तीय सहायता रोक दी।

    उन्होंने इसे सरकार की सबसे बड़ी और नीचतम हरकत बताया। नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार आर्थिक तंगी का झूठा हवाला देकर जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को उनके अधिकारों से वंचित कर रही है। 

    योजनाओं को दुष्प्रचार के जरिए बदनाम करने की साजिश

    उन्होंने कहा कि कैंसर और पैरालिसिस जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे जरूरतमंदों के लिए सहारा योजना जीवनदायिनी थी, लेकिन वर्तमान मुख्यमंत्री पूर्ववर्ती भाजपा सरकार की लोकप्रिय योजनाओं से ईर्ष्या करते हैं। यही कारण है कि सहारा और हिमकेयर जैसी स्वास्थ्य योजनाओं को बजट रोककर बंद करने या दुष्प्रचार के जरिए बदनाम करने की साजिश रची जा रही है। 

    सरकारी धन का हो रहा दुरुपयोग

    जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री पर सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष के खिलाफ व्यक्तिगत दुष्प्रचार के लिए एक विशेष इंटरनेट मीडिया सेल बनाया गया है, जिस पर सरकारी खजाने से करोड़ों रुपये लुटाए जा रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री को नसीहत दी कि जनता के दिलों में जगह बनाने के लिए साफ नीयत और सेवा भावना की जरूरत होती है, दुष्प्रचार की नहीं।

    सरकार पर कसा तंज

    उन्होंने तंज कसा कि मुख्यमंत्री सुक्खू, अपने कार्यकाल में विकास की कोई नई लकीर नहीं खींच पाए हैं, भाजपा सरकार के समय खींची गई बड़ी लकीर को मिटाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने पंचायत समिति सराज व बालीचौकी के नवर्निवाचित सदस्यों से भेंट की।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें: CM सुक्खू ने कांगड़ा में महाराणा प्रताप को किया नमन, किशाऊ बांध परियोजना से हिमाचल को होने वाले फायदे गिनाए