विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'फेमिनाजी का पट्टा डालकर जानवर न बनें', Gen-Z बयान को लेकर ट्रोलिंग पर भड़कीं कंगना रनौत; मीडिया पर लगाए गंभीर आरोप

Updated: Wed, 29 Jul 2026 08:06 PM (IST)

जेन-जी पर बयान को लेकर ट्रोल हो रहीं सांसद कंगना रनौत ने मीडिया पर पक्षपात का आरोप लगाया और कहा कि कुछ लाइक्स के लिए उनके खिलाफ गैंगअप किया जा रहा है।

ट्रोलिंग पर भड़कीं कंगना रनौत। फाइल फोटो

ट्रोलिंग पर भड़कीं कंगना रनौत। फाइल फोटो

HighLights

  1. कंगना ने मीडिया पर पक्षपात और सकारात्मक काम नजरअंदाज करने का आरोप लगाया।

  2. सांसद ने सामाजिक मर्यादा और संविधान के नियमों पर जोर दिया।

  3. युवाओं को 'फेमिनाजी' विचारधारा छोड़कर पुरुषोत्तम बनने की सलाह दी।

जागरण संवाददाता, मंडी। हाल ही में जेन-जी पर दिए अपने एक बयान को लेकर इंटरनेट मीडिया पर ट्रोल हो रही मंडी संसदीय क्षेत्र की सांसद कंगना रनौत ने अब मीडिया और इंटरनेट मीडिया ट्रोल्स के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

बुधवार को अपने इंटरनेट मीडिया हैंडल पर एक वीडियो संदेश जारी करते हुए सांसद ने मीडिया पर पक्षपात का आरोप लगाया और कहा कि कुछ लाइक्स और फॉलोअर्स के लिए मीडिया के कुछ साथी उनके खिलाफ गैंगअप कर रहे हैं।

सकारात्मक कामों को नजरअंदाज करने का आरोप

कंगना रनौत ने कहा कि मीडिया उनके द्वारा किए गए सकारात्मक कार्यों को जनता के सामने नहीं लाता। उन्होंने कहा कि गैंगअप करने वाले कभी नहीं बताएंगे कि हमने नीट के सफल विद्यार्थियों को बधाई दी या अच्छे स्टार्टअप्स की सराहना की। चंद लाइक्स और व्यूज के चक्कर में प्रणाली पूरी तरह बिक चुकी है।

सड़क और समाज में मर्यादा जरूरी

सांसद ने अभिव्यक्ति की आजादी और सामाजिक मर्यादा पर बात करते हुए कहा कि अगर समाज में रहना है तो संविधान के नियमों के अनुसार चलना होगा। उन्होंने तल्ख अंदाज में कहा कि आप अपने कमरे में बैठकर जो मर्जी बोल सकते हैं, लेकिन सार्वजनिक रूप से सड़क पर किसी को नीचा दिखाने या गाली देने का हक किसी को नहीं है।

हम न तो अपने माता-पिता के खिलाफ अश्लीलता सुनेंगे और न ही देश के प्रधानमंत्री के प्रति ऐसा बर्दाश्त करेंगे, जिन्हें लोग भगवान तुल्य मानते हैं।

फेमिनाजी और भोंडापन छोड़ें युवा

युवाओं और विशेषकर फेमिनाजी विचारधारा से प्रभावित लोगों को सलाह देते हुए कंगना ने कहा कि वे इस चक्रव्यूह में अपनी जिंदगी बर्बाद न करें। उन्होंने कहा कि शास्त्र हमें पुरुषोत्तम बनने का मार्ग दिखाते हैं। गले में फेमिनाजी का पट्टा डालकर जानवर न बनें।

आपको मर्यादा में रहना ही पड़ेगा, क्योंकि आपका भोंडापन आपका अपना परिवार भी बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने अंत में कहा कि उनके गुरुओं ने हमेशा विकास के मार्ग पर चलना सिखाया है, न कि गलत राह पर।