विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

800 रुपये में मिनी क्रूज की सैर, 1500 में स्पीड बोट की सवारी; हिमाचल के कोलडैम में वाटर स्पोर्ट्स एडवेंचर शुरू

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Sat, 24 Oct 2026 03:06 PM (IST)Updated: Sat, 24 Oct 2026 05:10 PM (IST)

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में ऐहन स्थित कोल डैम जलाशय में एडवेंचर वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियां शुरू हो गई हैं। मुख्यमंत्री सुक्खू ने इसका वर्चुअल शुभारंभ किया।

कोलडैम में वाटर स्पोट‌र्स एडवेंचर शुरू हो गया।

कोलडैम में वाटर स्पोट‌र्स एडवेंचर शुरू हो गया।

HighLights

  1. कोल डैम जलाशय में एडवेंचर वाटर स्पोर्ट्स शुरू।

  2. स्पीड बोट, मिनी क्रूज जैसी रोमांचक गतिविधियां उपलब्ध।

  3. पर्यटन को बढ़ावा, स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा।

जागरण टीम, मंडी। हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में ऐहन स्थित कोल डैम जलाशय में एडवेंचर वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियां शुरू हो गई हैं। टूरिस्ट यहां आकर एडवेंचर का लुत्फ ले सकेंगे। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को शिमला से वर्चुअल माध्यम से इसका शुभारंभ किया। ऐहन से तत्तापानी तक लगभग 35 किलोमीटर के जलाशय क्षेत्र में इन गतिविधियों के विस्तार से पर्यटकों को रोमांचक अनुभव प्राप्त होंगे।

पर्यटकों के लिए स्पीड बोट, जेट स्की, बनाना बोट, बंपर राइड और 20 यात्रियों की क्षमता वाला मिनी क्रूज सहित विभिन्न आकर्षक गतिविधियां उपलब्ध होंगी। इससे पर्यटक जलाशय की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेने के साथ रोमांचक अनुभव भी प्राप्त कर सकेंगे।

तीन तरह की सुविधाएं, ये होंगे दाम

ऐहन से तत्तापानी तक एडवेंचर स्पोटर्स के संचालक प्रेम रैणा ने बताया कि मिनी क्रूज में 20 लोगों का समूह होने पर 800 रुपये प्रति व्यक्ति लगेंगे। वहीं दस सवारियों पर 1000 रुपये लगेंगे। इसी तरह स्पीड बोट छह सीटर का किराया 1500 रुपये प्रति व्यक्ति होगा और आना-जाना 2200 रुपये में होगा। जेट स्की पर 1000 रुपये और बनाटा बोट 800 रुपये अभी प्रस्तावित दाम है। पर्यटन विभाग से मंजूरी मिलने के बाद इनको लागू किया जाएगा।

स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे

इन गतिविधियों से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। 

पर्यटन गतिविधियां बढ़ाने पर जोर : सीएम

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है और वॉटर स्पोर्ट्स इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। पर्यटन क्षेत्र से लाखों परिवारों को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर प्राप्त होते हैं, वहीं इससे राज्य के राजस्व में भी वृद्धि होती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इससे पहले बिलासपुर में भी इस प्रकार की गतिविधियां शुरू कर चुकी है।

ये रहे उपस्थित

इस अवसर पर शिमला में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया और महाधिवक्ता अनूप रतन उपस्थित थे। वहीं, जिला मंडी के ऐहन में जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष शशि शर्मा, उपायुक्त अपूर्व देवगन और अन्य गण्यमान्य उपस्थित थे।

 

यह भी पढ़ें: हिमाचल में शिमला के बाद मंडी में भी दौड़ी मोनोरेल, 25 लाख का प्रोजेक्ट बचाएगा बागवानों का समय और श्रम 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।