Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मनाली हाईवे पर अब नहीं लगेगा जाम, जिया चौक में बनेगा फ्लाईओवर; ब्यास किनारे 15 मीटर ऊंची दीवार फोरलेन को करेगी सुरक्षित

    By Hansraj Saini Edited By: Rajesh Sharma
    Updated: Wed, 17 Jun 2026 11:20 AM (IST)

    मनाली हाईवे पर जिया चौक पर जल्द ही फ्लाईओवर बनेगा, जिससे ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिलेगी और भुंतर-मणिकर्ण मार्ग अलग हो जाएगा। ब्यास किनारे 1300 मीटर लंबी ...और पढ़ें

    मनाली हाईवे पर सफर सुगम होगा व अब जाम नहीं लगेगा।

    मनाली हाईवे पर सफर सुगम होगा व अब जाम नहीं लगेगा।

    HighLights

    1. जिया चौक पर फ्लाईओवर निर्माण का सर्वे शुरू।

    2. ब्यास किनारे 1300 मीटर लंबी सुरक्षा दीवार बनेगी।

    3. थलौट के 50 परिवारों को 12 करोड़ मुआवजा।

    जागरण संवाददाता, मंडी। हिमाचल प्रदेश में मनाली हाईवे पर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए राहत भरी खबर है। कुल्लू जिले के जिया चौक पर जल्द ही फ्लाई ओवर का निर्माण होगा। इसके बन जाने से जहां ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिलेगी, वहीं भुंतर-मणिकर्ण मार्ग इस फ्लाई ओवर के ऊपर से होकर गुजरेगा। इस परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) ने कसरत शुरू कर दी है।

    परियोजना निदेशक (मंडी) के नेतृत्व में एनएचएआइ के इंजीनियरों के दल ने मंगलवार को जिया चौक का निरीक्षण किया। टीम ने फ्लाई ओवर निर्माण की तकनीकी संभावनाओं को तलाशा और सर्वे कार्य की शुरुआत की।

    इस फ्लाई ओवर के निर्माण से कीरतपुर मनाली फोरलेन पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह निर्बाध हो जाएगी और मणीकर्ण घाटी की ओर जाने वाले पर्यटकों व स्थानीय लोगों को भी जाम की समस्या से दो-चार नहीं होना पड़ेगा।

    झलोगी से दवाड़ा तक ब्यास किनारे 1300 मीटर लंबी दीवार

    फोरलेन को भूस्खलन और ब्यास नदी के तेज बहाव से सुरक्षित करने के लिए एनएचएआइ ने एक और बड़े प्रोजेक्ट पर काम शुरू कर दिया है। झलोगी से दवाड़ा तक के संवेदनशील मार्ग को पूरी तरह सुरक्षित बनाया जाएगा। इसके लिए ब्यास नदी के किनारे 1300 मीटर लंबी और 15 मीटर ऊंची कंकरीट की मजबूत सुरक्षा दीवार का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। मानसून या बाढ़ के दौरान नदी का जलस्तर बढ़ने पर भी अब इस मार्ग को कोई नुकसान नहीं पहुंचेगा।

    थलौट के 50 प्रभावितों को 12 करोड़ का मुआवजा

    फोरलेन निर्माण और भूस्खलन के कारण प्रभावित हुए लोगों के पुनर्वास के लिए भी कदम उठाए गए हैं। थलौट गांव के 50 प्रभावित परिवारों को 12 करोड़ रुपये की मुआवजा राशि जारी की गई है। इसके साथ ही थलौट क्षेत्र में पहाड़ी से होने वाले भूस्खलन को रोकने के लिए आधुनिक तकनीक से सुरक्षा दीवार लगाई जा रही है, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार के जान-माल के नुकसान को टाला जा सके।

    जिया चौक पर फ्लाई ओवर निर्माण को लेकर सर्वे शुरू कर दिया गया है। इससे भुंतर-मणीकर्ण और फोरलेन का ट्रैफिक अलग-अलग हो जाएगा, जिससे हादसों और जाम पर लगाम लगेगी। वहीं, ब्यास किनारे सुरक्षा दीवार का काम भी तेज गति से चल रहा है।
    -वरुण चारी, परियोजना निदेशक, एनएचएआइ मंडी।

    यह भी पढ़ें: मनाली हाईवे पर बनेंगी 4 टनल, पीएससी ने परियोजना को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की; मानसून में नहीं थमेंगे वाहन

    यह भी पढ़ें: मनाली माल रोड पर गाड़ी लेकर पहुंच गए टूरिस्ट, पुलिस ने किया 20000 रुपये का चालान; एडवायजरी जारी



    खबरें और भी