Himachal: नशे में कार ड्राइवर ने स्कूटी को मारी टक्कर, चेकिंग की तो बरामद हुआ चिट्टा; युवती सहित 2 गिरफ्तार
मंडी के धडवाहण में नशे में धुत कार चालक ने स्कूटी को टक्कर मारी, जिससे स्कूटी सवार गंभीर घायल हो गया। पुलिस ने कार से 57.79 ग्राम चिट्टा और युवती के प ...और पढ़ें

मंडी में पुलिस ने हादसे के बाद कार से नशे की खेप पकड़ी है। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
नशे में धुत कार चालक ने स्कूटी सवार को टक्कर मारी।
कार से 57.79 ग्राम चिट्टा और युवती से अफीम बरामद।
दो आरोपित गिरफ्तार, पंजाब से लाए थे नशे की खेप।
जागरण टीम, नेरचौक (मंडी)। जिला मंडी के तहत बल्ह उपमंडल के धडवाहण में सोमवार शाम नशे के काले कारोबार और रफ्तार के जानलेवा गठजोड़ का एक खौफनाक चेहरा सामने आया है। यहां नशे में धुत एक कार चालक ने स्कूटी सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे लहूलुहान हालत में अस्पताल भर्ती करवाया गया है।
लोगों ने किया हंगामा
दुर्घटना के बाद मौके पर उस समय माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया, जब कार से उतरे युवक-युवती को ग्रामीणों ने देखा। दोनों नशे में इस कदर धुत थे कि उनसे ठीक से खड़ा भी नहीं हुआ जा रहा था। यह देख स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने मौके पर ही हंगामा शुरू कर दिया।
पुलिस को डैशबोर्ड से मिला नशा
सूचना मिलते ही बल्ह थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने जब कार के डैशबोर्ड की तलाशी ली, तो सबके होश उड़ गए। कार से 57.79 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। वहीं, युवती के पर्स की तलाशी लेने पर 3.81 ग्राम अफीम भी मिली।
बल्ह और धर्मपुर के निवासी हैं दोनों
आरोपितों की पहचान कार चालक यशपाल (निवासी बल्ह) और शबनम (निवासी धर्मपुर) के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपित नशे की यह बड़ी खेप पंजाब से लेकर आए थे और इसे नेरचौक क्षेत्र में सप्लाई किया जाना था।
खबरें और भी
क्या कहते हैं एसपी मंडी
पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम और लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब इस पूरे नशा तस्करी नेटवर्क के बैकवर्ड लिंकेज को खंगाल रही है, ताकि मुख्य सप्लायर का पर्दाफाश किया जा सके।
युवती पहले भी रही है तस्करी में संलिप्त
यशपाल को पहली बार चिट्टे के साथ पकड़ा है। युवती पहले भी तस्करी में संलिप्त बताई जा रही है। उसके पिता की मौत हो चुकी है। नेरचौक में रहकर नशीले पदार्थ बेचने का काम करती है।