मंडी में रफ्तार का कहर: फोरलेन पर ट्रक से टकराई बाइक, दो ITI प्रशिक्षुओं की मौत; तीसरे की हालत नाजुक
मंगलवार को कीरतपुर मनाली फोरलेन पर नागचला और डडौर के बीच एक भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ट्रक से टकरा गई। इस दुर्घटना में दो आईटीआई प्रशि ...और पढ़ें

मंडी में फोरलेन पर बाइक दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
कीरतपुर मनाली फोरलेन पर हुआ भीषण सड़क हादसा।
तेज रफ्तार बाइक ट्रक से टकराई, दो की मौत।
एक आईटीआई प्रशिक्षु गंभीर घायल, इलाज जारी।
सहयोगी, नेरचौक (मंडी)। कीरतपुर मनाली फोरलेन पर नागचला और डडौर के बीच मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां पल भर में उजाड़ दीं। तेज रफ्तार मोटरसाइकिल आगे चल रहे एक ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर सवार दो आइटीआइ प्रशिक्षुओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनका तीसरा साथी गंभीर घायल है।
तीनों युवक मंडी से सुंदरनगर की ओर जा रहे थे। सुंदरनगर स्थित आइटीआइ के यह प्रशिक्षु रोजमर्रा की तरह अपने सफर पर निकले थे। जैसे ही वह नागचला के समीप पहुंचे, उनकी तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी।
एक ने मौके पर तो दूसरे ने अस्पताल में तोड़ा दम
हादसा इतना भीषण था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में 21 वर्षीय प्रदीप कुमार पुत्र बीरबल सिंह, निवासी गांव पपलेड़ा, डाकघर मराथु की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर घायल 24 वर्षीय राजीव कुमार पुत्र धर्म सिंह, निवासी गांव व डाकघर मराथु, तहसील सदर, जिला मंडी को तुरंत नेरचौक मेडिकल कालेज एवं अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
पंचकूला निवासी की हालत गंभीर
हादसे में घायल तीसरे युवक मनोज कुमार निवासी खेड़ा डाकघर कालका जिला पंचकूला हरियाणा की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
क्षेत्र में शोक की लहर
एक ही क्षेत्र के दो होनहार युवाओं की असमय मौत की खबर मिलते ही मराथु और आसपास के इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई है। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी को लेकर सख्त रुख अपनाने की बात कही है। पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने इसकी पुष्टि की है।