Himachal Murder: शराब का नशा और जमीन का लालच, मां की ममता भी भूला कलयुगी बेटा; सनसनीखेज वारदात की इनसाइड स्टोरी
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में एक कलयुगी बेटे ने शराब के नशे में और जमीन के लालच में अपनी मां की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोपी बेटे ने पहले अपन ...और पढ़ें

मंडी के सुंदरनगर में कलयुगी बेटे ने मां को मौत के घाट उतार दिया। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
मंडी के सुंदरनगर में बेटे ने शराब और जमीन के लालच में मां को मारा।
आरोपी खेमा राम ने पिता को भी पीटा, मां को दौड़ाकर बेरहमी से मारा।
पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार किया, घायल पिता अस्पताल में भर्ती।
संवाद सहयोगी, सुंदरनगर (मंडी)। हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में बेटे ने शराब के नशे में और जमीन के लालच में मां को ही मौत के घाट उतार दिया। जिला के सुंदरनगर उपमंडल के तहत जयदेवी क्षेत्र में यह सनसनीखेज वारदात हुई। यहां गहरी गांव में शराब के नशे में धुत्त कलयुगी बेटे ने जमीन अपने नाम न करने पर हुए विवाद के बाद डंडे से पीट-पीटकर मां की बेरहमी से हत्या कर दी।
आरोपित खेमा राम माता-पिता का इकलौता बेटा है, जिसे उन्होंने बहुत ज्यादा लाड प्यार से पाला है। उसकी हर ख्वाहिश पूरी की। इसी लाड प्यार ने उसे जिद्दी बना दिया व आज उसने अपनी मां को ही बेरहमी से पीटकर मार डाला। आरोपित के पिता अधरंग से पीड़ित हैं।
सचिवालय में कार्यरत थी महिला
मृतका 51 वर्षीय पार्वती देवी पत्नी फागणु राम शिमला सचिवालय में कार्यरत थीं। आरोपित बेटा भी शिमला में अनुबंध पर एक विभाग में कार्यरत है। आरोपित खेमा राम और उसके पिता फागणु राम ने घर पर एक साथ शराब पी थी। इसी दौरान आरोपित ने पिता पर जमीन उसके नाम करने का दबाव बनाया।
पहले पिता को बेरहमी से पीटा
पिता द्वारा मना करने पर दोनों में विवाद बढ़ गया। गुस्सैल स्वभाव के खेमा राम ने आव देखा न ताव और डंडे से पिता की बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। वह पिता को कमरे से घसीटते हुए आंगन में लाया और बेसुध होने तक मारता रहा।
खबरें और भी
बचाव करने आई मां को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
पति को लहूलुहान देख जब मां पार्वती देवी बीच-बचाव करने आई तो आरोपित ने उन्हें धक्का दे दिया और उन पर भी डंडे से ताबड़तोड़ वार कर दिए। डरी-सहमी मां अपनी जान बचाने के लिए घर से नीचे एक नाले की तरफ भागी। लेकिन बेटे ने नाले तक मां का पीछा किया और तब तक प्रहार करता रहा, जब तक सांसें नहीं थम गईं।
बुजुर्ग ने जुटाए लोग
चीख-पुकार सुनकर पहुंचे एक स्थानीय बुजुर्ग खूब राम ने शोर मचाकर ग्रामीणों को जुटाया और पुलिस को सूचित किया। ग्रामीणों ने आरोपित को काबू कर लिया।
मक्की की बिजाई के लिए शिमला से आए थे मां-बेटा
बताया जा रहा है कि मृतका पार्वती देवी और आरोपित बेटा दोनों शिमला में काम करते थे। वह इन दिनों अपने पैतृक गांव गहरी में मक्की की बिजाई के लिए छुट्टी लेकर आए हुए थे, जबकि पिता गांव में ही रहते थे। इस खौफनाक वारदात से पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।
आरोपित खेमा राम को गिरफ्तार कर लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर स्वजन को सौंप दिया गया है, जबकि घायल पिता का सिविल अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में ला रही है।
-विनोद कुमार, पुलिस अधीक्षक, मंडी।
यह भी पढ़ें: 'ऑपरेशन से बच्ची को जन्म दिया और एक दिन बाद महिला की मौत', कुल्लू अस्पताल पर लापरवाही का आरोप; लोगों का हंगामा