Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मंडी शहर में आधी रात को अनियंत्रित ट्रक ने मचाई तबाही, धमाके सुनकर सड़क पर पहुंचे लोग; बिजली-इंटरनेट सब ठप

    By Hansraj Saini Edited By: Rajesh Sharma
    Updated: Wed, 10 Jun 2026 02:49 PM (GMT+05:30)

    मंडी शहर में मंगलवार आधी रात को एक अनियंत्रित ट्रक ने भारी तबाही मचाई, जिससे बिजली के खंभे और तारें टूट गईं। इस घटना से आधे शहर में बिजली गुल हो गई। ...और पढ़ें

    मंडी शहर में अनियंत्रित ट्रक द्वारा तोड़ी गई बिजली लाइन को दुरुस्त करते कर्मी। जागरण

    मंडी शहर में अनियंत्रित ट्रक द्वारा तोड़ी गई बिजली लाइन को दुरुस्त करते कर्मी। जागरण

    HighLights

    1. आधी रात को अनियंत्रित ट्रक ने मंडी में तबाही मचाई।

    2. बिजली के खंभे और तारें टूटीं, आधे शहर में ब्लैकआउट।

    3. इंटरनेट, सीसीटीवी सेवाएं ठप, चालक गिरफ्तार।

    जागरण संवाददाता, मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी शहर में मंगलवार की आधी रात को एक अनियंत्रित ट्रक ने भारी तबाही मचाई। गांधी चौक से लेकर जेल रोड तक इस ट्रक ने बिजली, दूरसंचार (इंटरनेट) और सीसीटीवी कैमरों की तारों को बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान कई बिजली के खंभे उखड़ गए और तारों के आपस में टकराने से भीषण चिंगारियां और आग की लपटें उठीं। 

    पटाखों जैसी आवाजों से दहलकर लोग आधी रात को ही अपने घरों से बाहर निकल आए। गनीमत यह रही कि आग दुकानों या रिहायशी मकानों तक नहीं फैली, अन्यथा शहर में एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो सकता था।

    आधे शहर में ब्लैकआउट, गर्मी से बेहाल हुए लोग

    इस हादसे के बाद बुधवार को शहर के गांधी चौक, महाजन बाजार, स्कूल बाजार और जेल रोड सहित आधे से अधिक हिस्से में देर शाम तक बिजली गुल रही। भीषण गर्मी के बीच बिना बिजली के लोगों का जीना मुहाल हो गया। इसके साथ ही बीएसएनएल और अन्य निजी आपरेटरों की केबल कटने से इंटरनेट सेवाएं भी पूरी तरह ध्वस्त हो गईं। संचार व्यवस्था ठप होने के कारण सरकारी और निजी कार्यालयों में दिन भर कामकाज पूरी तरह प्रभावित रहा।

    सीसीटीवी बंद होने से यातायात व्यवस्था चरमराई 

    तारें टूटने की वजह से शहर के कई प्रमुख चौराहों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था बंद हो गई। इसके चलते पुलिस प्रशासन को यातायात नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में भारी मशक्कत करनी पड़ी।

    ऊंचाई अधिक होने के कारण हुआ हादसा

    सूचना मिलते ही शहरी पुलिस चौकी की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपित ट्रक चालक को रात को ही जेल रोड के पास दबोच लिया। बताया जा रहा है कि यह ट्रक एक निजी निर्माण कंपनी का है, जिस पर कोई भारी और ऊंची मशीनरी लोड थी। ऊंचाई अधिक होने के कारण रास्ते में आने वाली तमाम तारें इसकी चपेट में आकर टूटती चली गईं।

    खबरें और भी

    बिजली विभाग ने की शिकायत

    बिजली विभाग ने आरोपित चालक और कंपनी के खिलाफ पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने इस पर कार्रवाई शुरू कर दी है। 

    क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी

    अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु वर्मा ने बताया कि ट्रक चालक के खिलाफ सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

    यह भी पढ़ें: सड़क किनारे चल रही बच्ची पर टूट पड़ा कुत्तों का झुंड, हिमाचल के किन्नौर से सामने आया खौफनाक वीडियो; व्यक्ति ने दिखाई हिम्मत