हिमाचल में दोपहर बाद भारी बारिश लाई आफत, सुंदरनगर में स्कूल बस और कार पर गिरे पेड़; बिजली के तार सड़क पर बिछे
हिमाचल के सुंदरनगर में अचानक हुई मूसलाधार बारिश और तेज तूफान ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। तूफान के कारण एक स्कूल बस और कार पर पेड़ की शाखाएं गिरीं, ...और पढ़ें

सुंदरनगर में भारी बारिश के कारण स्कूल बस पर गिरा पेड़ और गुजरते लोग व छात्र। जागरण
HighLights
सुंदरनगर में अचानक हुई भारी बारिश और तूफान।
स्कूल बस और कार पर पेड़ की विशाल शाखाएं गिरीं।
तेज हवाओं से बिजली के तार टूटे, आपूर्ति बाधित।
संवाद सहयोगी, सुंदरनगर (मंडी)। हिमाचल प्रदेश में किन्नौर में जहां बादल फटा तो वहीं मंडी जिला में भी भारी बारिश हुई। मंडी के सुंदरनगर क्षेत्र में बुधवार को मौसम के बदले मिजाज ने रौद्र रूप दिखाया। दोपहर बाद अचानक हुई आधे घंटे की मूसलाधार वर्षा और तेज तूफान के कारण में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। तूफान की रफ्तार इतनी तेज थी कि बीबीएमबी कालोनी के चौगान में खड़ी स्कूल बस व कार पर एक विशालकाय पेड़ की भारी-भरकम शाखाएं आ गिरीं।
हादसे में वहां खड़ी एक स्कूल बस और कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत यह रही कि घटना के समय वाहनों में कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। चौगान में पेड़ की शाखाएं गिरने से दोनों वाहनों के शीशे चकनाचूर हो गए और उनके अगले हिस्से को भारी नुकसान पहुंचा।

बिजली के तार सड़क पर गिरे
तूफान का असर शहर की विद्युत व्यवस्था पर भी देखने को मिला। एक पेड़ तारों पर गिर गया। नरेश चौक के समीप तेज हवाओं के कारण बिजली की कई मुख्य तारें टूट कर सड़क पर गिर गईं। इस कारण एहतियात के तौर पर पूरे शहर की बिजली आपूर्ति ठप कर दी गई।

बिजली आपूर्ति हुई ठप
स्थानीय निवासियों को करीब तीन घंटे तक बिना बिजली के भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रशासन ने घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के कर्मचारियों को मौके पर भेजकर तारों को दुरुस्त करवाया, जिसके बाद ही शहर में बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।

सुबह खिली थी तेज धूप, अचानक बदला मौसम
बुधवार सुबह तेज धूप खिली हुई थी, लेकिन दोपहर बाद अचानक घने बादल छा गए। देखते ही देखते तेज आंधी के साथ मूसलाधार वर्षा शुरू हो गई। विजिबिलिटी इतनी कम हो गई कि कुछ ही दूरी पर देख पाना असंभव हो गया। इसी बीच आंधी व तेज बारिश शुरू हो गई।