विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'CM अंकल ने वादा पूरा किया...', बेटी के आंसुओं का 24 घंटे में असर; हिमाचल में 700 km दूर तैनात मां का घर के पास तबादला

Published: Fri, 06 Nov 2026 10:50 AM (IST)Updated: Fri, 06 Nov 2026 05:31 PM (IST)

मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के सामने एक बच्ची की भावुक गुहार पर उसकी मां का तबादला 700 किलोमीटर दूर से घर के पास कर दिया गया।

बेटी की भावुक पुकार पर मुख्यमंत्री ने मां का तबादला किया।

बेटी की भावुक पुकार पर मुख्यमंत्री ने मां का तबादला किया।

HighLights

  1. बेटी वंशिका की गुहार पर मां का तबादला हुआ।

  2. मुख्यमंत्री सुक्खू ने 24 घंटे में आदेश जारी करवाए।

  3. शिक्षिका नरो देवी शिमला से चंबा स्थानांतरित हुईं।

अनिल ठाकुर, शिमला। बेटी के आंसू 700 किलोमीटर दूर से मां को घर के पास ले आए। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के सामने बच्ची की भावुक गुहार के अगले ही दिन वीरवार को उसकी मां के तबादले का आदेश जारी हो गया।

चंबा जिला के देहग्रां में सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के दौरान बुधवार को तीसा की राजकीय प्राथमिक पाठशाला सत्यास में पांचवीं कक्षा की छात्रा वंशिका मुख्यमंत्री से लिपटकर फूट-फूटकर रो पड़ी थी।

दो साल से मां से दूर रहने की पीड़ा आंसुओं के रूप में छलक पड़ी। उसकी एक ही गुहार थी कि मां बहुत दूर नौकरी करती हैं, जिन्हें घर के पास तैनात करवा दीजिए ताकि वह उनके साथ रह सके। मुख्यमंत्री ने बच्ची को उसकी मां को घर के निकट तैनात करने के लिए कदम उठाने का आश्वासन दिया था। दैनिक जागरण ने इस मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।

मुख्यमंत्री के आश्वासन के करीब 24 घंटे के भीतर स्कूल शिक्षा निदेशालय ने पांच प्रतिशत स्थानांतरण नीति के तहत जेबीटी शिक्षिका नरो देवी के अंतर जिला तबादला आदेश जारी कर दिए। वह शिमला जिले के शिक्षा खंड नेरवा की राजकीय प्राथमिक पाठशाला सोवल में तैनात थीं। उन्हें चंबा जिले के शिक्षा खंड तीसा की राजकीय प्राथमिक पाठशाला चंडरू में तैनाती दी गई है।

स्कूल शिक्षा विभाग के निदेशक आशीष कोहली ने बताया कि तबादला स्थानांतरण प्रतिबंध में छूट देकर किया गया है। वंशिका के पिता गिरीश कुमार किसान हैं। वंशिका और्र उसका भाई पिता के साथ गांव में रहते हैं। वंशिका ने मुख्यमंत्री को बताया था कि वह जवाहर नवोदय विद्यालय में पढ़ना चाहती है और आइपीएस अधिकारी बनना उसका सपना है।

वंशिका बोली, मुख्यमंत्री अंकल ने वादा पूरा किया

मां के तबादले के आदेश जारी होने पर वंशिका के चेहरे पर मुस्कान आ गई। मां-बेटी और पूरे परिवार में खुशी का माहौल है। वंशिका ने कहा कि मां मेरे पास आ गईं, अब मुझे अकेले नहीं रहना पड़ेगा।

मुख्यमंत्री अंकल ने जो वादा किया था, उसे पूरा कर दिया है। अब वह मां के आंचल की छांव में बेफिक्र होकर नवोदय में प्रवेश और आगे की पढ़ाई पूरी कर सकेगी। वंशिका की मां नरो देवी ने भावुक होते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का मासूम बच्ची की पीड़ा को समझना और चंद घंटों में इतनी बड़ी राहत देना उनके संवेदनशील नेतृत्व का प्रमाण है। लंबी दूरी मिटने पर अब वह बच्चों की पढ़ाई और परवरिश पर ध्यान दे पाएंगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।