CM सुक्खू सुतकार गांव में बिताएंगे एक रात, करोड़ों के विकास कार्यों की देंगे सौगात
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू 22-23 अक्टूबर को भरमौर की होली तहसील का दौरा करेंगे, जहां वे करोड़ों की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे।
-1792433986935_m.webp)
सीएम सुक्खू का भरमौर दौरा, करोड़ों की सौगातें और सुतकार गांव में रात्रि विश्राम।
HighLights
करोड़ों की विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास।
'सरकार गांव के द्वार' कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों से संवाद।
सुतकार गांव में मुख्यमंत्री का रात्रि विश्राम और निरीक्षण।
राज्य ब्यूरो, शिमला। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू 22 और 23 अक्टूबर को जनजातीय उपमंडल भरमौर की होली तहसील के दो दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री क्षेत्रवासियों को करोड़ों रुपये की विकासात्मक योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर बड़ी सौगात देंगे।
इसके साथ ही वे सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों के बीच समय बिताएंगे और रात्रि विश्राम भी गांव में ही करेंगे। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से इस दौरे का आधिकारिक कार्यक्रम जारी कर दिया गया है।
22 अक्टूबर को मुख्यमंत्री दोपहर 12.15 बजे होली हेलीपैड पहुंचेंगे। लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह होली में विभिन्न विकासात्मक योजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास के उपरांत मुख्यमंत्री एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। शाम 4:30 बजे मुख्यमंत्री होली से रवाना होकर शाम 5 बजे प्रसिद्ध माता मंदिर पहुंचेंगे।
यहां वे पूजा-अर्चना करेंगे और बहुप्रतीक्षित होली-उत्तराला सड़क तथा होली-बड़ा भंगाल सड़क के चल रहे निर्माण कार्यों का स्थल निरीक्षण करेंगे। शाम 5:45 बजे मुख्यमंत्री सुतकार गांव पहुंचेंगे। सुतकार गांव के मंदिर परिसर में सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के तहत वे आम जनता, महिला मंडलों और युवक मंडलों से सीधा संवाद कर समस्याएं सुनेंगे। मुख्यमंत्री का रात्रि ठहराव भी सुतकार गांव में ही रहेगा।
23 अक्तूबर शुक्रवार को छात्रों से संवाद कार्यक्रम के तहत शुक्रवार सुबह 10:10 बजे मुख्यमंत्री पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला होली पहुंचेंगे। यहां वे पीएम श्री स्कूल और एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय होली के छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद करेंगे। उसके बाद 11:25 बजे मुख्यमंत्री होली हेलीपैड से गग्गल होते हुए हेलीकाप्टर से शिमला के लिए उड़ान भरेंगे तथा दोपहर 1:15 बजे ओक ओवर शिमला पहुंचेंगे।
प्रमुख विकास परियोजनाओं को मिलेगी गति
मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर भरमौर-होली क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। दशकों पुरानी होली-उत्तराला सड़क के निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा मुख्यमंत्री स्वयं लेंगे, जिससे इस रणनीतिक और सुदूर क्षेत्र को कांगड़ा से जोड़ने वाली सड़क के कार्य को गति मिलने की उम्मीद बंधी है।
