धर्मशाला में Ind vs SA मैच: ...तो कड़ाके की ठंड में ठिठुरे खिलाड़ी, फील्डर्स से एक के बाद एक छूटे कैच
धर्मशाला में भारत और दक्षिण अफ्रीका के मैच में कड़ाके की ठंड का असर देखने को मिला। ठंड के कारण खिलाड़ियों को मुश्किल हुई, और फील्डिंग में भी कई गलतिया ...और पढ़ें

धर्मशाला में कड़ाके की ठंड के बीच खेले गए मैच के दौरान गरम कपड़े पहने दर्शक। जागरण
HighLights
धर्मशाला में भारत-दक्षिण अफ्रीका मैच में ठंड का कहर
खिलाड़ियों को हुई परेशानी, फील्डिंग में हुई गलतियाँ
ठंड के कारण फील्डर्स से छूटे कई महत्वपूर्ण कैच
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम काफी ठंडा हो गया है। धर्मशाला में रविवार को खेले गए भारत और साउथ अफ्रीका के बीच मैच के दौरान भी खिलाड़ी ठिठुरते दिखे। पहले क्रिकेट मैच पर बादलों का साया था। लेकिन बारिश नहीं हुई, लेकिन धौलाधार की पहाड़ियों पर ताजा हिमपात जरूर हो गया। इस कारण ठंड काफी ज्यादा बढ़ गई।
...तो ठंड की वजह से छूटे कैच
मैदान पर खिलाड़ियों को ठिठुरना पड़ गया। अर्शदीप सिंह, नीतिश राणा और अभिषेक शर्मा से हाथ में आए हुए कैच छूट गए। मैच के दौरान कमेंटेटर ने भी इस पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम को इतनी ठंड में खेलने का अनुभव नहीं है। इस कारण ऐसा हो रहा है। वहीं, कमेंटेटर ने फ्लड लाइट की ऊंचाई को लेकर भी सवाल उठाए। हालांकि भारतीय टीम ने 16वें ओवर में ही मैच जीत लिया।
मौसम ने ली दोनों टीमों की कड़ी परीक्षा
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में भारत ने दक्षिण अफ्रीका की कड़ी परीक्षा तो ली, लेकिन खुद भी ठंड के मौसम में अग्निपरीक्षा से गुजरना पड़ा। हाड़ कंपाने वाली ठंड में दोनों टीमों के खिलाड़ी हाथों को जेब से बाहर निकालने से परहेज कर रहे थे। शायद ठंड का ही असर था कि भारत के खिलाड़ियों से कुछ कैच भी छूटे।
अर्शदीप सिंह, अभिषेक शर्मा और हर्षित राणा ने कैच छोड़े। अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा ने बाउंड्री पर व अभिषेक शर्मा ने मिड विकेट पर कैच छोड़ा। एक कैच स्लिप पर भी छूटा। शुभमन गिल बाउंड्री पर हैंड वार्नर इस्तेमाल करते नजर आए।
ठंड व ओस ने किया परेशान
ग्राउंड पर ओस की बूंदें मोतियों जैसी चमक रही थी। हालांकि समय-समय पर ग्राउंड स्टाफ ओस को साफ भी कर रहा था। धौलाधार की पहाड़ियों के साथ स्थित स्टेडियम में ठंड व ओस लगातार खिलाड़ियों को परेशान करती रही। स्टैंड में दर्शकों को भी हैंड वॉर्मर दिए गए थे।
खबरें और भी
फ्लड लाइट बंद कर की आतिशबाजी
स्टेडियम में साउथ अफ्रीका की बल्लेबाजी के बाद भारत की टीम आई तो फ्लड लाइट बंद कर आतिशबाजी की गई। इसके साथ ही लाइट शो हुआ और उसके बाद दर्शकों के मोबाइल फोन की लाइट आन करवाई गई। इस दौरान एक साथ कई हजार मोबाइल फोन जुगनुओं की चमकने लगे।
मैच से पहले हुआ कन्या पूजन
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत-साउथ अफ्रीका का मैच शुरू होने से पहले कन्या पूजन किया। इस दौरान एचपीसीए के पदाधिकारियों ने मैच के सफल आयोजन की कामना की।
मैच खत्म होने के बाद शहर में लगा जाम
मैच खत्म होने के बाद धर्मशाला शहर में जाम लग गया। इस दौरान वाहन रेंगते नजर आए। हालांकि सुरक्षा में तैनात पुलिस जवान यातायात को नियंत्रित करते हुए वाहन चालकों को निर्देश देते रहे। हालांकि दूसरी पारी के पांच ओवर होने के बाद ही दर्शक स्टेडियम छोड़कर बाहर निकलना शुरू हो गए थे।
क्यूआर कोड स्कैन कर एंट्री ने बढ़ाई भीड़
स्टेडियम में पहली बार प्रवेश के लिए क्यूआर कोड स्कैन कर एंट्री प्रदान की गई। इस दौरान दर्शकों के लिए गेट खुलने व प्रवेश देरी से मिलने पर खूब हंगामा हुआ। स्टेडियम में एंट्री के लिए दो नंबर गेट में बीएड कालेज धर्मशाला तक कतारें पहुंच गई थीं। इस बीच कुछ लोग कतारें तोड़कर स्टेडियम की तरफ दौड़ पड़े। गेट के पास सैकड़ों लोग एकत्रित हो गए और स्थिति तनावपूर्ण बन गई। इस दौरान पुलिस दर्शकों को कतार में लगकर बारी का इंतजार करने का निर्देश देती रही। इस बीच कुछ युवाओं ने महिलाओं की ओर वाली साइड से भी बड़ी संख्या में एंट्री कर ली। इससे ई-टिकट स्कैन करने वाले स्थान में माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया। चार बजे गेट खुलने के बावजूद दर्शकों को साढ़े सात तक एंट्री नहीं मिल पाई थी।