हिमाचल में बढ़ी सियासी हलचल, CM सुक्खू के बाद डिप्टी सीएम भी दिल्ली रवाना; बड़े फेरबदल की चर्चा तेज
हिमाचल प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है, मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री दिल्ली में ...और पढ़ें

मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू और डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री।
HighLights
मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री दिल्ली में शीर्ष नेतृत्व से मिले।
मंत्रिमंडल विस्तार और विभागों में फेरबदल की चर्चाएं तेज।
क्षेत्रीय-जातीय संतुलन, मंत्रियों के प्रदर्शन पर होगा फैसला।
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर सियासी हलचल एक बार फिर तेज हो गई है। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के दिल्ली पहुंचने के बाद मंगलवार को उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के भी दिल्ली के लिए रवाना होने से मंत्रिमंडल में फेरबदल की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है। सूत्रों के मुताबिक कृषि मंत्री चंद्र कुमार को भी दिल्ली बुलाया गया है, जबकि शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर पहले से ही दिल्ली में हैं। हालांकि रोहित ठाकुर शिक्षा मंत्रालय की ओर से आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने गए हुए हैं।
ऐसे में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के साथ होने वाली मुलाकातों को प्रदेश की सियासत में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री सुक्खू बीते सोमवार को दिल्ली रवाना हुए थे और मंगलवार को उनकी केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात प्रस्तावित है। इसी बीच उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री मंगलवार सुबह शिमला से चंडीगढ़ के लिए रवाना हुए। वहां से वह हवाई मार्ग से दिल्ली पहुंचेंगे।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि दिल्ली प्रवास के दौरान वह पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से भी मुलाकात कर सकते हैं। हालांकि अभी इन मुलाकातों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
फेरबदल की भी चर्चाएं
मंत्रिमंडल विस्तार की संभावनाओं के बीच अब केवल नए मंत्री बनाए जाने की ही चर्चा नहीं है, बल्कि मौजूदा मंत्रियों के विभागों में फेरबदल और किसी मंत्री को मंत्रिमंडल से बाहर किए जाने की अटकलें भी तेज हैं। कांग्रेस हाईकमान 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए सरकार और संगठन में बदलाव की रणनीति पर विचार कर रहा है। ऐसे में क्षेत्रीय और जातीय संतुलन के साथ मंत्रियों के प्रदर्शन को भी फैसले का आधार बनाया जा सकता है।
सुंदर ठाकुर के नाम पर मुख्यमंत्री की पैरवी
मंत्रिमंडल में नए चेहरे के तौर पर कुल्लू के विधायक सुंदर ठाकुर का नाम सबसे आगे माना जा रहा है। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू कई मौकों पर सार्वजनिक रूप से सुंदर ठाकुर को जल्द मंत्री बनाए जाने के संकेत दे चुके हैं। ऐसे में उनके नाम को लेकर मुख्यमंत्री की पैरवी स्पष्ट मानी जा रही है। हालांकि, अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान को ही करना है।
राजनीतिक समीकरणों पर भी नजर
कांग्रेस नेतृत्व की नजर प्रदेश के राजनीतिक समीकरणों पर है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सरकार और संगठन में संभावित बदलावों में क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व, जातीय समीकरण, राजनीतिक सक्रियता और मंत्रियों की कार्यप्रणाली को अहम माना जा रहा है।
यही वजह है कि पिछले कुछ समय से मुख्यमंत्री और कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के बीच बैठकों का सिलसिला जारी है। अब दिल्ली में होने वाली मुलाकातों के बाद राजनीतिक फैसलों की दिशा साफ होने की उम्मीद है।
