विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल में CBSE स्कूलों से हटेंगे 2 विषय, कंप्यूटर साइंस और IP दोनों रहेंगे; लेक्चरर की तैनाती के लिए कमेटी बदली

By Anil Thakur Edited By: Rajesh Sharma
Published: Wed, 23 Sep 2026 05:29 PM (IST)

हिमाचल प्रदेश में सीबीएसई से संबद्ध सरकारी स्कूलों में विषय चयन में बदलाव किए गए हैं, जिसमें कक्षा 11 में कंप्यूटर साइंस और इंफार्मेटिक्स प्रेक्टिसेज दोनों उपलब्ध होंगे।

हिमाचल के सीबीएसई स्कूलों में अहम बदलाव किए गए हैं। प्रतीकात्मक फोटो

हिमाचल के सीबीएसई स्कूलों में अहम बदलाव किए गए हैं। प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. कक्षा 11 में कंप्यूटर साइंस और आईपी दोनों विषय उपलब्ध।

  2. प्लंबिंग और सिक्योरिटी जैसे व्यावसायिक ट्रेड स्कूलों से हटाए जाएंगे।

  3. सीबीएसई स्कूलों में लेक्चरर तैनाती के लिए कमेटी में बदलाव।

राज्य ब्यूरो, शिमला। सीबीएसई से संबद्ध सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों के विषय चयन में बदलाव किया गया है। कक्षा 11वीं में अब कंप्यूटर साइंस (सीएस) और इंफार्मेटिक्स प्रेक्टिसेज (आइपी) दोनों विषय उपलब्ध रहेंगे। वहीं बैंकिंग, फूड प्रोसेसिंग और टेलीकॉम जैसे कौशल विषय फिलहाल जारी रहेंगे। दूसरी ओर प्लंबिंग और सिक्योरिटी ट्रेड को स्कूलों से हटाने का निर्णय लिया गया है।

शिक्षा विभाग की 11 सितंबर को हुई उच्चस्तरीय बैठक में यह फैसला लिया गया था। बैठक में निदेशक स्कूल शिक्षा आशीष कोहली सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। विभाग ने अब इसके आदेश जारी कर दिए हैं।

प्लंबिंग और सिक्योरिटी ट्रेड आगे जारी रखना मुश्किल

विभाग के अनुसार कुछ वोकेशनल ट्रेड के सीबीएसई में सीधे समान विषय उपलब्ध नहीं हैं। इसी कारण प्लंबिंग और सिक्योरिटी ट्रेड को आगे जारी रखना मुश्किल माना गया है। इनसे जुड़े वोकेशनल ट्रेनरों का भी युक्तीकरण किया जाएगा। बैंकिंग, फूड प्रोसेसिंग और टेलीकॉम के समान विषयों के लिए सीबीएसई को प्रस्ताव भेजे गए हैं। अंतिम मंजूरी तक ये ट्रेड चलते रहेंगे।

विज्ञान-वाणिज्य में बढ़ेंगे विकल्प

कक्षा 11 विज्ञान में विद्यार्थी सीएस और आइपी के साथ गणित और जीव विज्ञान को भी विषय संयोजन में ले सकेंगे। वाणिज्य वर्ग में गणित को विषय संयोजन में शामिल किया गया है। कक्षा नौ में कौशल विकास अनिवार्य रहेगा, जबकि अतिरिक्त कौशल विषय विद्यार्थी अपनी पसंद से चुन सकेंगे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि इन बदलावों का मौजूदा सत्र में कक्षा 10 और 12 में पढ़ रहे हिमाचल बोर्ड के विद्यार्थियों की पढ़ाई पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

सीबीएसई स्कूलों में लेक्चरर की तैनाती के लिए कमेटी बदली

उधर, सीबीएसई स्कूलों में भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान के इन-सर्विस लेक्चरर की तैनाती को लेकर शिक्षा विभाग ने काउंसिलिंग कमेटी में आंशिक संशोधन किया है। नई कमेटी की अध्यक्षता सहायक निदेशक शिक्षा शीतल शर्मा करेंगी। अधीक्षक ग्रेड-दो ज्ञान सैनी, वरिष्ठ सहायक प्रदीप शर्मा, जेओए (आइटी) ज्योति प्रकाश और जेओए (आइटी) सौरभ कुमार को सदस्य बनाया गया है। कमेटी को दस्तावेजों की जांच के बाद काउंसिलिंग की पूरी कार्यवाही और सिफारिशों वाली रिपोर्ट तैयार कर निदेशक शिक्षा को अनुमोदन के लिए सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें: मंडी के शौर्यन शर्मा को गूगल इंडिया में मिला 50 लाख रुपये का पैकेज, बैंक ऑफ अमेरिका में दे चुके तीन साल सेवाएं