विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल के CBSE स्कूलों में स्टाफ ने 3 बार हाजिरी न लगाई तो कटेगा वेतन, विभाग ने अटेंडेंस टाइमिंग की तय

By Anil Thakur Edited By: Rajesh Sharma
Published: Mon, 14 Sep 2026 05:41 PM (IST)Updated: Mon, 14 Sep 2026 06:12 PM (IST)

हिमाचल प्रदेश के सीबीएसई संबद्ध सरकारी स्कूलों में शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों की उपस्थिति अब सीधे वेतन से जुड़ेगी। शिक्षा ...और पढ़ें

हिमाचल के सीबीएसई स्कूलों के स्टाफ को हाजिरी को लेकर निर्देश जारी हुए हैं। प्रतीकात्मक फोटो

हिमाचल के सीबीएसई स्कूलों के स्टाफ को हाजिरी को लेकर निर्देश जारी हुए हैं। प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. स्विफ्टचैट अटेंडेंस पोर्टल ई-सैलरी प्रणाली से जुड़ेगा।

  2. अनियमित उपस्थिति पर वेतन या मानदेय में कटौती होगी।

  3. कर्मचारियों को दिन में तीन बार हाजिरी लगानी होगी।

राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) से संबंद्ध सरकारी स्कूलों में शिक्षक और गैर-शिक्षण कर्मचारियों की उपस्थिति को लेकर शिक्षा विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। इन स्कूलों में अब हाजिरी सिर्फ उपस्थिति दर्ज करने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसका सीधा असर वेतन पर पड़ेगा। शिक्षा विभाग स्विफ्टचैट अटेंडेंस पोर्टल को ई-सैलरी प्रणाली से जोड़ने जा रहा है।

इसके बाद वेतन बिल तैयार होने से पहले कर्मचारियों की हाजिरी का स्वचालित सत्यापन होगा। तय तरीके से उपस्थिति दर्ज नहीं करने पर अगले महीने वेतन या मानदेय से नियमानुसार राशि काटी जा सकती है।

जरूरत पड़ने पर अन्य कार्रवाई का भी प्रविधान किया गया है। सीबीएसई संबंद्ध स्कूलों में शिक्षक व गैर शिक्षकों को वीएसके (स्विफ्टचैट) पोर्टल पर दिन में तीन बार हाजिरी दर्ज करनी होगी। स्कूल शिक्षा निदेशालय ने हाजरी लगाने की टाइमिंग तय कर दी है।

गर्मी वाले स्कूलों में तीन बार हाजिरी

ग्रीष्मकालीन अवकाश वाले वाले स्कूलों में कर्मचारियों को सुबह 9:00 से 9:15 बजे के बीच पहली हाजिरी लगानी होगी। दूसरी हाजिरी भोजनावकाश में 12:25 से 12:35 बजे और तीसरी हाजिरी स्कूल बंद होने के समय 3:00 से 3:10 बजे के बीच दर्ज करनी होगी। प्रधानाचार्य को इसके बाद निर्धारित समय में उपस्थिति रिपोर्ट भी जमा करनी होगी।

अधिक गर्मी वाले स्कूलों के लिए अलग समय

अधिक गर्मी वाले स्कूलों में सुबह की हाजिरी 8:00 से 8:15 बजे, मिड-सेशन हाजिरी 11:25 से 11:35 बजे और छुट्टी के समय की हाजिरी 2:00 से 2:10 बजे के बीच दर्ज करनी होगी।

शीतकालीन अवकाश वाले स्कूलों में यह रहेगा समय

शीतकालीन अवकाश वाले स्कूलों में कर्मचारियों की पहली हाजिरी 10:00 से 10:15 बजे, दूसरी हाजिरी 1:25 से 1:35 बजे और अंतिम हाजिरी 4:00 से 4:10 बजे के बीच होगी।

रिपोर्ट तय समय में देने के निर्देश

निदेशालय ने प्रधानाचार्यों को संबंधित स्कूलों की उपस्थिति रिपोर्ट निर्धारित समय में जमा करने के निर्देश दिए हैं। गर्मी वाले स्कूलों में सुबह की हाजिरी के बाद रिपोर्ट 9:45 बजे तक, मिड-सेशन के बाद 12:50 बजे तक और स्कूल बंद होने के बाद 3:30 बजे तक जमा करनी होगी। इसी तरह अन्य श्रेणी के स्कूलों के लिए भी रिपोर्ट जमा करने की समय-सीमा तय की गई है।

शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों के वेतन बिल स्विफ्टचैट पर दर्ज उपस्थिति के सत्यापन के बाद ही जेनरेट किए जाएंगे। सीबीएसई योजना के तहत नियुक्त शिक्षकों को मिलने वाले मानदेय या समेकित राशि के भुगतान पर भी यह व्यवस्था लागू होगी। यदि कोई शिक्षक या गैर-शिक्षण कर्मचारी निर्धारित तरीके से पोर्टल पर अपनी हाजिरी दर्ज नहीं करता है तो अगले महीने उसके वेतन या मानदेय से नियमानुसार संबंधित राशि काटी जा सकती है। वेतन से की गई कटौती से असंतुष्ट कर्मचारी निदेशक स्कूल शिक्षा के समक्ष अपील कर सकेगा।
-आशीष कोहली, निदेशक, स्कूल शिक्षा विभाग, हिमाचल प्रदेश।

यह भी पढ़ें: ऊना में एंटी चिट्टा वाकाथान: 16 सितंबर को चंडीगढ़ हाईवे पर भी ट्रैफिक होगा प्रभावित, यात्रा से पहले पढ़ लें रूट प्लान 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।