प्रियंका के करीबी नेता केहर सिंह खाची को हिमाचल कांग्रेस ने थमाया कारण बताओ नोटिस, पूर्व अध्यक्ष पर की थी टिप्पणी
हिमाचल कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता केहर सिंह खाची को पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप राठौर पर टिप्पणी करने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उन्हें एक सप्ताह के भीतर जवाब देने को कहा गया है।

कांग्रेस नेता केहर सिंह खाची प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ व पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर।
HighLights
केहर सिंह खाची को हिमाचल कांग्रेस ने कारण बताओ नोटिस भेजा।
पूर्व अध्यक्ष कुलदीप राठौर पर टिप्पणी के कारण कार्रवाई।
एक सप्ताह में जवाब मांगा, अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी।
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश वन विकास निगम में उपाध्यक्ष व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता केहर सिंह खाची को कांग्रेस पार्टी ने कारण बताओ नोटिस दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता व ठियोग से विधायक कुलदीप राठौर के खिलाफ की टिप्पणी को लेकर यह नोटिस जारी किया गया है। एक सप्ताह में इसका जवाब देने को कहा गया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता जो राष्ट्रीय प्रवक्ता व विधायक भी हैं, उनके खिलाफ टिप्पणी करने के कारण सपष्ट करने को कहा गया है। नोटिस में कहा गया है कि क्यों न इसको लेकर उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।
एक सप्ताह में मांगा जवाब
कांग्रेस महासचिव (संगठन) विनोद जिंटा ने पत्रकारों से बातचीत में इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के भीतर जवाब देने को कहा गया है। जवाब आने के बाद इस मामले में आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
प्रियंका के करीबी हैं केहर सिंह खाची
केहर सिंह खाची प्रियंका गांधी वाड्रा के करीबी माने जाते हैं। सरकार ने उन्हें वन निगम का उपाध्यक्ष बनाने के साथ कैबिनेट रैंक भी दिया था। हालांकि बाद में सभी नेताओं के कैबिनेट रैंक वापिस ले लिए थे।
कानून का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई स्वभाविक
भाजपा विधायकों के खिलाफ मामले दर्ज होने पर विनोद जिंटा ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति ने कानून का उल्लंघन किया है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होना स्वाभाविक है। पुलिस शिकायत या मामला सामने आने के बाद कानून के अनुसार कार्रवाई करती है। उन्होंने भाजपा से कांग्रेस पर आरोप लगाने से पहले अपने नेताओं और पदाधिकारियों पर लगे आरोपों पर जवाब देने को कहा।
विक्रमादित्य सिंह भी उतरे थे राठौर के समर्थन में
राज्य लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह सबसे पहले राठौर के समर्थन में उतरे थे। उन्होंने खाची को करारा जवाब देते हुए कहा था कि राठौर कांग्रेस के कद्दावर और प्रतिष्ठित नेता हैं। एनएसयूआई अध्यक्ष से लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष तक का सफर तय किया है। कांग्रेस के सत्ता में आने के पीछे जिन नेताओं ने संगठनात्मक स्तर पर मेहनत की, उनमें कुलदीप राठौर का योगदान महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा कि सच्चे नेतृत्व की पहचान पदों से नहीं, बल्कि संगठन के प्रति समर्पण और जनता के प्रति जवाबदेही से होती है।
क्या कहा था खाची ने
वन विभाग के उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची ने ठियोग में एक कार्यक्रम के दौरान कहा था कि 11 लोग भी कुलदीप राठौर को नहीं जानते थे। खाची के इस बयान को लेकर सियासी गलियारों में खासी हलचल मची हुई है।
