विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 11, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

'बाजुओं में इतना दम नहीं जो सरकार गिरा सकें', डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने भाजपा पर साधा निशाना

Published: Wed, 11 Dec 2024 05:03 PM (IST)

हिमाचल प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने राज्य की नौकरशाही पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अधिकारी ...और पढ़ें

डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने भाजपा पर हमला बोला है। फाइल फोटो
डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने भाजपा पर हमला बोला है। फाइल फोटो

HighLights

  1. डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने भाजपा पर बोला हमला
  2. मुकेश अग्निहोत्री ने अधिकारियों को भी दी चेतावनी
  3. कहा- बंद कमरे में चर्चाएं करना बंद करें

राज्य ब्यूरो, बिलासपुर। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने प्रदेश की अफसरशाही (ब्यूरोक्रेसी) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने तल्खी दिखाते हुए मुख्य सचिव को कहा कि वह अधिकारियों व कर्मचारियों को बता दें सरकार गिरने वाली नहीं।

उन्होंने कहा कि बंद कमरों में वे जो रोज रोज चर्चाएं करते हैं, उसे करना बंद कर दें। मंच पर बैठे नेता व कार्यक्रम में मौजूद जनता इस बात का गवाह है कि सरकार गिरने वाली नहीं है।

भाजपा पर लगाया सरकार गिराने के प्रयास करने का आरोप

बिलासपुर में राज्य सरकार के दो साल पूरा होने पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने दो सालों में सरकार गिराने की भरपूर कोशिश की। सरकार गिराने के लिए बाजुओं में दम होना चाहिए। भाजपा नेताओं की बाजुओं में कितना दम है, हम यह जानते हैं।

उन्होंने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि वह उलटा भी लटक जाए तब भी सरकार नहीं गिरेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के 40 विधायक थे और 40 ही है।

उन्होंने कहा कि आने वाले तीन साल सरकार जो काम करेगी उससे आने वाले समय में भी सरकार जाने वाली नहीं। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा नेताओं ने सरकार गिराने का षड्यंत्र रचा, जब इसमें सफल नहीं हुए तो हिमाचल को बदनाम करने में लग गए।

यह भी पढ़ें- CM Sukvinder Singh Interview: मंत्रिमंडल में होगा विस्तार, नई साल में होंगे नए बदलाव; CM सुक्खू ने बताया क्या है प्लान?

भाजपा को बताया हिमाचल विरोधी

डिप्टी सीएम ने कहा कि वह अदालतों तक गए और वहां पर भी फटकार खाई। उप मुख्यमंत्री ने भाजपा को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि लड़ना है, तो मैदान में आओ, षड़यंत्र क्या रच रहे हो। उन्होंने कहा कि भाजपा का शीर्ष नेतृत्व भी राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा के खिलाफ बयानबाजी करता है।

उनका घर तक छीन लिया गया। अब वही राहुल गांधी चुनाव जीत कर उनके सामने नेता प्रतिपक्ष बन गए हैं। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा नेता दिल्ली जाकर हिमाचल की आर्थिक मदद रोकते हैं। ये लोग हिमाचल विरोधी है।

'एक महीने में निकालेंगे रूकी भर्तियों के परिणाम'

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व सरकार के समय पेपरों की दलाली होती थी। उन्होंने मंच से एलान किया कि हिमाचल में जितनी भी भर्तियों के परिणाम रूके हुए हैं, उन्हें एक महीने के भीतर घोषित किया जाएगा।

'जयराम बताए किसको वेतन नहीं मिला, मैं इस्तीफा दे दूंगा'

उप मुख्यमंत्री ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर कहते हैं कि एचआरटीसी में चालक परिचालकों को वेतन नहीं मिल रहा है।

उन्होंने मंच से चुनौती दी कि जयराम ठाकुर इसे साबित करके दिखाए व बताए कि किसे वेतन नहीं मिला है। यदि बात सच निकली तो वह इस्तीफा दे देंगे। यदि झूठ निकली तो जयराम इस्तीफा दें।

डीजीपी को संभाल कर रखना चाहिए था अपना समोसा

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल के मुख्यमंत्री न समोसा खाते हैं, न हमें खाने देते हैं। ये पुलिस का समोसा था। डीजीपी साहब को अपना समोसा संभाल कर रखना चाहिए था। इसमें मुख्यमंत्री को नहीं घसीटा जाना चाहिए। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हम कर्मचारियों व अधिकारियों से बेहतर संबंध चाहते हैं। इन्हीं के दम पर सरकार चलती है।

उन्होंने कहा कि पूर्व अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने पुरानी पेंशन बंद की, हमने बहाल किया। उन्होंने कहा कि जब तक कांग्रेस है, पेंशन है। ये आएंगे तो पेंशन बंद कर देंगे, इसलिए इकट्ठा चलने में ही भलाई है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल भवन बिकने के नाम पर भाजपा नेता नाच रहे हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल भवन हिमाचल की शान है, इसे जो हाथ लगाएगा उसका हाथ जल जाएगा। पूर्व सरकार की करनी का खामियाजा सरकार ने भुगता। हमने 64 करोड़ चुकाया।

शौचालय कर पर भी बोले डिप्टी सीएम 

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के लोग कहते हैं कि शौचालय कर लगाया है। नेता प्रतिपक्ष व भाजपा नेता 24 घंटे शौचालय में बैठे व अगले महीने का बिल देखे कि शौचालय कर उसमें लगा या नहीं। उन्होंने कहा कि भाजपा कहती है कि होटल बेचे जा रहे हैं जबकि सच्चाई ये है कि इनके समय होटल बेचने का प्रस्ताव आया था और हमने विरोध किया था।

डिप्टी सीएम ने कहा कि शिमला में 2000 करोड़ की लागत से रोपवे बनाएंगे, जो 2 सालों में बनकर तैयार होगा। 2400 ई-बसें खरीदेंगे। उन्होंने कहा कि हममें फैसलें लेने की क्षमता है इसलिए हम आलोचना से डरते नहीं है।

यह भी पढ़ें- 'तो बच जाती 3 लोगों की जान...', सरकार और विभाग की लापरवाही से हुआ हादसा; परिजनों ने लगाया आरोप

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।