हिमाचल एंट्री टैक्स पर बवाल, 125 रुपये वसूलने पर हंगामा; मनाली हाईवे पर कई KM लंबे जाम में एंबुलेंस भी फंसी
कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर गरामोड़ा स्थित हिमाचल एंट्री टैक्स बैरियर पर टैक्स वसूली को लेकर बवाल हो गया, जिससे चंडीगढ़-मनाली हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा ज ...और पढ़ें
HighLights
टैक्स बैरियर पर 100 की जगह 125 रुपये वसूली।
चंडीगढ़-मनाली हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लगा।
जाम में फंसी एंबुलेंस से लोगों का गुस्सा फूटा।
जागरण संवाददाता, बिलासपुर। कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन यानी चंडीगढ़मनाली हाईवे पर गरामोड़ा स्थित हिमाचल प्रदेश एंट्री टैक्स बैरियर पर शनिवार को बवाल हो गया। टैक्स वसूली के विवाद को लेकर यहां कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। इस महाजाम में आम वाहनों के साथ-साथ एक एंबुलेंस भी काफी समय तक फंसी रही। जीवन-मरण से जूझ रहे मरीज को ले जा रही एंबुलेंस को जाम में फंसा देख वहां मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने व्यवस्था के खिलाफ जमकर रोष जताया।
चिलचिलाती गर्मी के बीच घंटों लगे इस जाम के कारण वाहन चालकों, पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
100 के बजाय 125 वसूलने पर हंगामा
इस पूरे बवाल की मुख्य वजह बैरियर पर तैनात कर्मचारियों द्वारा अन्य राज्यों से आने वाले वाहनों से निर्धारित 100 के बजाय जबरन 125 रुपये वसूलना बताया जा रहा है, जिसके चलते एक बार फिर यह बैरियर विवादों के घेरे में है।
बिना वर्दी और पहचान पत्र के हो रही टैक्स वसूली
स्थानीय लोगों का सीधा आरोप है कि जिस ठेकेदार को टैक्स वसूली का टेंडर मिला है, उसने नियमों को पूरी तरह ताक पर रख दिया है। बैरियर पर तैनात कर्मचारियों के पास न तो कोई निर्धारित वर्दी है और न ही गले में पहचान पत्र (आईडी कार्ड)। ऐसे में कोई भी अप्रशिक्षित व्यक्ति हाथ में मशीन लेकर वाहनों को रोककर पैसे ऐंठता दिखाई देता है। पारदर्शिता न होने के कारण आए दिन वाहन चालकों और कर्मचारियों के बीच तीखी नोकझोंक, गाली-गलौज और विवाद की घटनाएं आम हो चुकी हैं।
खड़ी चढ़ाई ने बढ़ाई मुसीबत, हॉर्न के शोर से लोग परेशान
बैरियर की भौगोलिक स्थिति को लेकर स्थानीय निवासी रामकुमार शर्मा और सतीश शर्मा ने अपनी परेशानी बयां करते हुए बताया कि जहां यह एंट्री टैक्स बैरियर बनाया गया है, वहां सड़क पर काफी खड़ी चढ़ाई है। इस चढ़ाई के कारण भारी वाहनों की रफ्तार पहले ही धीमी हो जाती है, उस पर टैक्स वसूलने में होने वाली देरी के कारण चंद मिनटों में वाहनों की कतारें लग जाती हैं। जाम के दौरान लगातार बजने वाले वाहनों के कानफोड़ू हॉर्न से आसपास के घरों में रहने वाले बुजुर्गों और बच्चों का जीना मुहाल हो गया है।
खबरें और भी
बैरियर को शिफ्ट करने की मांग, प्रशासन मौन
क्षेत्र के ग्रामीणों ने बताया कि वे इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए पहले भी कई बार प्रदेश सरकार और प्रशासन से इस एंट्री टैक्स बैरियर को किसी समतल व उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित (शिफ्ट) करने की गुहार लगा चुके हैं। लेकिन, बार-बार की अपीलों के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। शनिवार को एंबुलेंस फंसने के बाद अब लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जनहित में इस अवैध वसूली पर तुरंत रोक न लगी और बैरियर को यहां से नहीं हटाया गया, तो वे उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।