हिमाचल में मानसून ने दिखाए तेवर, 3 जिलों में आज भारी बारिश की चेतावनी; मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में मानसून सक्रिय है; 18 जुलाई को कांगड़ा, मंडी और हमीरपुर जिलों में मध्यम से भारी बारिश की आशंका है। प्रशासन ने लोगों को सुरक्षित रहने ...और पढ़ें

हिमाचल प्रदेेश में आज भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। जागरण आर्काइव
HighLights
कांगड़ा, मंडी, हमीरपुर में आज भारी बारिश की आशंका।
प्रशासन ने लोगों और पर्यटकों को सुरक्षित रहने की सलाह दी।
पिछले 24 घंटों में कांगड़ा में सर्वाधिक 77.4 मिमी बारिश।
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून सक्रिय होते ही लगातार बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आज 18 जुलाई को प्रदेश के कांगड़ा, मंडी और हमीरपुर जिलों में मध्यम से भारी बारिश की आशंका जताई है। प्रशासन ने लोगों और पर्यटकों को सुरक्षित रहने और बेवजह यात्रा न करने की सलाह दी है।
चंबा, ऊना, कुल्लू और लाहुल-स्पीति जिलों में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि राज्य के शेष जिलों में छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश की उम्मीद है।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है। निचले इलाकों में जलभराव, फिसलन भरी सड़कों और कम दृश्यता के कारण वाहनों के फिसलने का खतरा और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन सकती है।
कांगड़ा और धर्मशाला में जमकर बरसे बादल
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में मानसून की सक्रियता देखी गई। सबसे अधिक वर्षा कांगड़ा में 77.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। धर्मशाला में भी तेज बौछारें पड़ीं, जहां 65.5 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई। अन्य प्रमुख क्षेत्रों में पालमपुर में 38.0 मिमी, पावंटा-साहिब में 5.6 मिमी, सुंदरनगर में 4.1 मिमी और हमीरपुर में 4.0 मिमी पानी बरसा। राजधानी शिमला में 0.5 मिमी की हल्की वर्षा दर्ज की गई।
शिमला में हल्की बारिश की संभावना, कई जिलों के लिए येलो वाच जारी
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने आज सुबह हिमाचल प्रदेश के लिए तात्कालिक मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। अगले कुछ घंटों में राज्य के कई हिस्सों में बारिश और कम दृश्यता (लो विजिबिलिटी) की संभावना जताई गई है। शिमला में आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। शहर में एक या दो बार हल्की बारिश के दौर और कम दृश्यता की स्थिति बन सकती है।
खबरें और भी
कुकुमसेरी सबसे ठंडा, पावंटा साहिब सबसे गर्म
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है। लाहुल-स्पीति का कुकुमसेरी सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा केलंग में 15.0 डिग्री कुफरी में 14.8 डिग्री और नारकंडा में 14.2 डिग्री तापमान रहा। पावंटा-साहिब और देहरागोपीपुर में न्यूनतम तापमान सबसे अधिक 27 डिग्री दर्ज किया गया। बिलासपुर में 25.5 डिग्री और हमीरपुर में 25.4 डिग्री रहा। मनाली में न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.3 डिग्री अधिक रहा, जबकि कल्पा में 24 घंटों के दौरान 2.4 डिग्री की बढ़ोतरी देखी गई। वहीं, कांगड़ा में तापमान में -2.2 डिग्री की गिरावट आई।