विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'हिमाचल में जरूरत से ज्यादा अधिकारी बढ़ा रहे बोझ', CM का फिर आया बयान; प्रियंका के मंडी दौरे पर बोले- अक्टूबर में आएंगी

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Tue, 18 Aug 2026 03:16 PM (IST)

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बताया कि खराब मौसम के कारण प्रियंका गांधी देयोरी स्कूल नहीं पहुंच सकीं और अक्टूबर ...और पढ़ें

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू। जागरण आर्काइव

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू। जागरण आर्काइव

HighLights

  1. प्रियंका गांधी खराब मौसम से देयोरी स्कूल नहीं पहुंचीं, अक्टूबर में आएंगी।

  2. हिमाचल में आवश्यकता से अधिक अधिकारियों के कैडर में कटौती होगी।

  3. मुख्यमंत्री ने कैबिनेट विस्तार जल्द होने के संकेत दिए, हाईकमान से चर्चा।

जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने बताया कि खराब मौसम के कारण प्रियंका गांधी वाड्रा देयोरी स्कूल के कार्यक्रम में नहीं पहुंच सकीं और अक्टूबर में दोबारा स्कूल आने का कार्यक्रम बनाया जाएगा। वहीं, कैबिनेट विस्तार को लेकर उन्होंने जल्द फैसला होने के संकेत दिए हैं। वहीं मुख्यमंत्री ने आईएएस, आईपीएस और आईएफएस कैडर में कटौती पर कहा कि प्रदेश में जरूरत से ज्यादा अधिकारी आर्थिक बोझ बढ़ा रहे हैं।

हिमाचल प्रदेश में अखिल भारतीय सेवाओं के अधिकारियों की संख्या में कटौती के मामले में मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि राज्य में अधिकारियों की आवश्यकता है, लेकिन एक सीमा के भीतर। आवश्यकता से अधिक अधिकारी हिमाचल प्रदेश में आर्थिक बोझ बढ़ा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी को देखते हुए सरकार ने आईएएस, आईपीएस और आईएफएस अधिकारियों के कैडर में कटौती करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में आवश्यकता से ज्यादा अधिकारी हैं।

खराब मौसम के कारण मंडी नहीं जा सकीं प्रियंका

मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि आज प्रियंका गांधी वाड्रा का देयोरी स्कूल जाकर बच्चों के साथ संवाद का कार्यक्रम था, लेकिन खराब मौसम के चलते प्रियंका गांधी मंडी नहीं जा सकीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मंडी में आई आपदा के वक्त प्रियंका गांधी ने स्कूल के पुराने क्षतिग्रस्त भवन का निरीक्षण किया था। तब उन्होंने स्कूल के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने की बात कही थी।

बच्चों को प्रियंका गांधी का संदेश सुनाया

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उनके राजनीतिक सलाहकार ने बच्चों के सामने प्रियंका गांधी का संदेश पढ़ा है। उन्होंने कहा कि अक्टूबर महीने में प्रियंका गांधी दोबारा इस स्कूल में जाने का कार्यक्रम बनाएंगी।

कैबिनेट विस्तार जल्द

हिमाचल प्रदेश में कैबिनेट विस्तार को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में जल्द ही कैबिनेट विस्तार होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कैबिनेट विस्तार को लेकर पार्टी हाईकमान के साथ पहले दौर की चर्चा पूरी हो गई है। दूसरे दौर की चर्चा के बाद पार्टी आलाकमान से मंजूरी मिलते ही प्रदेश कैबिनेट का विस्तार किया जाएगा।

विधानसभा सत्र पर घेरी भाजपा

मुख्यमंत्री ने विधानसभा सत्र को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के समय कभी विधानसभा का 10 दिन का सत्र नहीं बुलाया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष चाहे तो सत्र की अवधि बढ़ा दी जाएगी, लेकिन सत्र में मुद्दों पर बहस होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस बार सत्र में सत्ता पक्ष विपक्ष से सवाल पूछेगा।

राजीव बिंदल पर साधा निशाना

भाजपा अध्यक्ष के बयान पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में युवाओं को नियुक्तियां मिल रही हैं। प्रदेश में जेबीटी, लेक्चरर, असिस्टेंट और स्टाफ नर्स के पदों पर नियुक्तियां हुई हैं, लेकिन भाजपा के लोगों को व्यवस्था परिवर्तन नजर नहीं आता है। मुख्यमंत्री ने दोहराया है कि उनकी सरकार में एक भी पेपर लीक नहीं होने दिया जाएगा।

भाजपा नेता परवाणू से नीचे भी जाएं

प्रधानमंत्री की ओर से घोषित 1500 करोड़ रुपये की सहायता राशि अब तक न मिलने पर मुख्यमंत्री ने भाजपा को घेरा है। मुख्यमंत्री ने भाजपा नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा के लोग परवाणू से नीचे भी जाएं और प्रदेशहित की बात करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के लोग प्रदेशहित में परवाणू से नीचे नहीं जाते। 

20 साल पहले 14 लाख का प्लॉट खरीदा था 

सोशल मीडिया पर केवल उनके खिलाफ दुष्प्रचार किया जाता है। 20 साल पहले उन्होंने हिमाचल में 14 लाख रुपये का एक प्लॉट खरीदा था, उसकी कीमत 2 करोड़ रुपये हो गई, तो इसका भी दुष्प्रचार किया गया।