हिमाचल पंचायत चुनाव: सुहावने मौसम में मतदाताओं का जोश हाई, शुरुआती दौर में ही 43.56% मतदान; ऊना सबसे आगे
हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के दूसरे चरण के चुनाव में 11 बजे तक 43.56% मतदान हुआ, जिसमें महिलाओं की भागीदारी पुरुषों से अधिक रही। ...और पढ़ें

हमीरपुर के पनसाई स्थित पोलिंग बूथ 70 पर वीरवार को मतदान के बाद अंगुली की सियाही दिखाते मतदाता। जागरण
HighLights
दूसरे चरण में 11 बजे तक 43.56% मतदान।
महिला मतदाताओं की भागीदारी पुरुषों से अधिक रही।
सिरमौर और ऊना में सबसे अधिक मतदान।
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के दूसरे चरण के चुनाव में सुहावने मौसम के बीच मतदाताओं का जोश हाई है। प्रदेश में 11 बजे तक कुल 43.56 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। 7,52,967 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग कर लिया है, इनमें 3,50,859 पुरुष तथा 4,02,105 महिला मतदाता शामिल रहे, जबकि अन्य वर्ग के तीन मतदाताओं ने भी मतदान किया।
महिला मतदान प्रतिशत अधिक
मतदान में महिलाओं की भागीदारी ज्यादा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं। कई स्थानों पर महिलाएं पुरुषों से अधिक संख्या में मतदान केंद्र पहुंचीं। दोपहर तक महिला मतदान प्रतिशत 47.04 प्रतिशत रहा, जबकि पुरुष मतदान प्रतिशत 40.16 प्रतिशत दर्ज किया गया। इससे पंचायत चुनावों में महिलाओं की बढ़ती राजनीतिक भागीदारी साफ नजर आई।
सिरमौर और ऊना सबसे आगे
प्रदेश के सिरमौर जिले में सबसे अधिक 50.31 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसके अलावा ऊना में 47.51, सोलन में 48.54 तथा शिमला में 45.02 प्रतिशत मतदान हुआ। दूसरी ओर चंबा जिला 36.38 प्रतिशत मतदान के साथ सबसे पीछे रहा। कई गांवों में मतदान को लेकर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। बुजुर्ग, युवा और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं में भी खास उत्साह दिखाई दिया।
जिला आधार पर मतदान प्रतिशत (11 बजे तक)
- जिला मतदान प्रतिशत
- सिरमौर 50.31
- सोलन 48.54
- ऊना 47.51
- शिमला 45.02
- कुल्लू 42.97
- मंडी 42.94
- बिलासपुर 42.49
- हमीरपुर 43.39
- किन्नौर 40.18
- कांगड़ा 41.90
- लाहुल-स्पीति 37.79
- चंबा 36.38
कई जिलों में महिलाएं पुरुषों से आगे
ऊना, सोलन, सिरमौर और हमीरपुर सहित कई जिलों में महिला मतदान प्रतिशत पुरुषों से अधिक रहा। कुल 1276 पंचायतों में मतदान हो रहा है। इन पंचायतों के 7334 वार्ड में मतदान प्रक्रिया जारी है।