Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 05, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    हिमाचल प्रदेश में जल्द भरा जाएगा मंत्रिमंडल का खाली पद, जानें किस विधायक को मिल सकती है जगह?

    Updated: Tue, 05 Nov 2024 09:35 AM (IST)

    हिमाचल प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार में जल्द ही एक रिक्त मंत्री पद भरा जा सकता है। मुख्यमंत्री ने मंत्रिमंडल के सहयोग ...और पढ़ें

    सुक्खू कैबिनेट का होगा मंत्रिमंडल विस्तार (फाइल फोटो)
    सुक्खू कैबिनेट का होगा मंत्रिमंडल विस्तार (फाइल फोटो)

    HighLights

    1. सचिवालय से ओकओवर तक चर्चा रही रिक्त पद की चर्चा।
    2. सीएम सुक्खू ने मंत्रिमंडल के पांच सहयोगियों संग की चर्चा।
    3. मुख्यमंत्री की पत्नी कमलेश ठाकुर के नाम का लग रहा कयास।

    राज्य ब्यूरो, शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार का दो वर्ष का कार्यकाल अगले माह पूरा होने वाला है। अब मंत्रिमंडल में रिक्त एक पद जल्द भरा जा सकता है। शिमला स्थित मुख्यमंत्री के सरकारी आवास ओकओवर में पांच मंत्रियों के साथ हुई बैठक के बाद इस पर चर्चा तेज हो गई है। देखना यह है कि रिक्त पद पुरुष विधायक को मिलता है या फिर उपचुनाव जीतकर आई दो महिला विधायकों में से किसी एक को।

    सीएम ने मंत्रिमंडल के सहयोगियों से चर्चा की

    मंत्रिमंडल में एक रिक्त पद को लेकर सचिवालय से मुख्यमंत्री निवास ओकओवर तक चर्चा रही। सोमवार को हमीरपुर व बिलासपुर जिला के दौरे पर निकलने से पहले मुख्यमंत्री सुक्खू ने मंत्रिमंडल के पांच सहयोगियों के साथ चर्चा की। करीब आधा घंटे से अधिक समय तक हुई बैठक को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं कि शीघ्र ही रिक्त पद भरा जाएगा। इसके अतिरिक्त सार्वजनिक उपक्रमों में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की ताजपोशी होगी।

    वायनाड उपचुनाव के बाद होगी निगम-बोर्डों में नियुक्तियां

    प्रदेश सरकार के निगम-बोर्डों में नियुक्तियां वायनाड लोकसभा उपचुनाव के बाद होनी तय है। वायनाड सीट से प्रियंका गांधी वाड्रा उपचुनाव लड़ रही हैं, जिसके चलते कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की चुनाव प्रचार में व्यस्तता रहेगी। राजनीतिक समीकरणों को देखा जाए तो मंत्री के एक पद के लिए कांगड़ा, मंडी या कुल्लू जिलों में से किसी एक कांग्रेस विधायक को मौका मिल सकता है।

    मुख्य सचेतक के लिए संजय रतन का नाम आगे

    कांगड़ा जिला से लंबे समय से मंत्री या मुख्य सचेतक पद के लिए संजय रतन का नाम आगे आता रहा है। यदि किसी महिला विधायक को मंत्री बनाने की बात सामने आती है, तो उसमें मुख्यमंत्री की पत्नी एवं देहरा से उपचुनाव जीती विधायक कमलेश ठाकुर को स्थान मिल सकता है। कमलेश महिला के साथ-साथ सबसे बड़े जिला कांगड़ा से विधायक हैं।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- CM सुक्खू आज देहरा में करेंगे सीएम व एसपी कार्यालय का लोकार्पण, काम करवाने के लिए अब नहीं जाना पड़ेगा शिमला

    हर्ष के घर पर चाय और दोपहर का भोजन हुआ

    संसदीय कार्यमंत्री हर्षवर्धन चौहान का खलीणी स्थित निजी आवास पूरा दिन चर्चा का केंद्र रहा। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, वरिष्ठ मंत्री चंद्र कुमार, जगत सिंह नेगी व रोहित ठाकुर सुबह 11 बजे से पहले हर्ष के घर पहुंचे। जहां चाय पीने के बाद पांचों मंत्री हर्षवर्धन चौहान के वाहन में बैठकर मुख्यमंत्री सुक्खू से मिलने के लिए ओकओवर पहुंचे।

    मुख्यमंत्री के साथ आधे घंटे से अधिक समय तक बैठक हुई। मुख्यमंत्री सुक्खू हमीरपुर दौरे पर निकले और सभी पांचों मंत्री हर्षवर्धन की गाड़ी में फिर से हर्ष के घर पर गए। जहां सभी मंत्रियों के एक साथ बैठकर भोजन करने की जानकारी है। दोपहर बाद सभी पांचों मंत्री सचिवालय स्थित अपने-अपने कार्यालयों में पहुंचे।

    राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि मंत्री सिर्फ लंच करने के लिए गए थे। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के अलावा प्रो. चंद्र कुमार, हर्षवर्धन चौहान, जगत सिंह नेगी व रोहित ठाकुर दीपावली के बाद पहली बार शिमला पहुंचे थे। ऐसे में सभी एक साथ एक ही गाड़ी में बैठकर मुख्यमंत्री सुक्खू से मिलने के लिए ओक ओवर पहुंचे। जहां पर सभी मंत्रियों को दीपावली की मिठाई खिलाई गई।

    यह भी पढ़ें- Himachal News: शाहतलाई प्रतिनिधिमंडल ने सीएम सुक्खू से की मुलाकात, डिपो-गौशाला समेत विकास को लेकर रखीं 7 मांगें