हिमाचल: IGMC शिमला में डॉक्टर और मरीज के बीच चले लात-घूंसे, 16 सेकंड के वीडियो ने हिलाया सिस्टम; CM ने लिया संज्ञान
IGMC Shimla, शिमला के आईजीएमसी अस्पताल में डॉक्टर और मरीज के बीच हाथापाई का मामला सामने आया है। बहस के ...और पढ़ें

आईजीएमसी शिमला में डॉक्टर और मरीज के बीच हाथापाई हो गई।
HighLights
शिमला आईजीएमसी में डॉक्टर और मरीज भिड़े
मरीज ने डॉक्टर पर लात, डॉक्टर ने घूंसे बरसाए
वीडियो वायरल होने पर अस्पताल प्रबंधन ने शुरू की जांच
जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े अस्पताल में मरीज और डॉक्टर के बीच जमकर हाथापाई हुई है। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल आईजीएमसी शिमला में उपचार के लिए आए मरीज और डॉक्टर के बीच बहस हो गई व दोनों में जमकर हाथापाई हुई।
बेड पर लेटे हुए मरीज ने डॉक्टर पर लातें बरसाईं, वहीं डॉक्टर ने भी मरीज पर घूंसे बरसाना शुरू कर दिए। डॉक्टर ने बेड पर ही मरीज की बुरी तरह से पिटाई कर दी।
पूरे प्रकरण का वीडियो वायरल
इस पूरे प्रकरण का किसी ने वीडियो बना लिया है। इस दौरान आसपास मौजूद लोग बीच बचाव करने का प्रयास करते दिखे, लेकिन डॉक्टर ने उन्हें भी फटकार लगा दी। अब यह पूरा वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वीडियो ने हिलाया सिस्टम
16 सेकंड के वीडियो ने पूरे सिस्टम को हिला दिया है। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में स्थित राज्य के सबसे बड़े अस्पताल में यह घटना हुई है। वीडियो सामने आने के बाद अधिकारी हरकत में आ गए हैं।
अस्पताल प्रबंधन ने शुरू की जांच
आइजीएमसी अस्पताल प्रबंधन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले में कौन कितना दोषी है, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो पाएगा।
आखिर क्यों हुआ विवाद
मरीज के साथ आए परिवार के सदस्यों ने बताया कि वे एंडीस्कोपी करवाने के लिए आए थे। बेड पर लेटने को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि डॉक्टर ने मरीज के साथ बदतमीजी की। इस पर मरीज ने कहा कि क्या वह घर पर भी ऐसे ही बात करते हैं तो डॉक्टर ने उस पर हमला कर दिया।
अब मरीज के स्वजन माफी मांगने और डॉक्टर को बर्खास्त करने की मांग पर अड़ गए हैं। यदि अस्पताल प्रबंधन ने ऐसा न किया तो वे आंदोलन करेंगे।
IGMC शिमला में डॉक्टर और मरीज के बीच हाथापाई... pic.twitter.com/ZeA296nARQ
— Rajesh Sharma (@sharmanews778) December 22, 2025
क्या कहते हैं एमएस
अस्पताल के एमएस डॉ. राहुल राव का कहना है कि प्रीमिलरी इंक्वायरी का आदेश दे दिया है। रिपोर्ट आने के बाद जरूरी कार्रवाई की जाएगी।
सीएम ने लिया संज्ञान
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने भी मामले में संज्ञान लिया है व अस्पताल प्रबंधन को जांच का आदेश दिया है।
मरीज के स्वजन पहुंचे पुलिस के पास
वहीं, मरीज के परिवार के सदस्यों ने पुलिस थाना में डॉक्टर के खिलाफ शिकायत सौंप दी है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने एक डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।