तो एंट्री टैक्स कम करेगा हिमाचल, पंजाब के मुख्यमंत्री से चर्चा के बाद CM सुक्खू की क्या है रणनीति?
हिमाचल प्रदेश सरकार अन्य राज्यों के वाहनों पर बढ़ाए गए प्रवेश शुल्क की समीक्षा कर रही है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आबकारी एवं कराधान विभाग को निर्देश दिए हैं और पंजाब के मुख्यमंत्री से भी इस पर चर्चा की है।

ऊना के मैहतपुर में हिमाचल प्रदेश का प्रवेश द्वार। जागरण आर्काइव
HighLights
हिमाचल सरकार अन्य राज्यों के वाहनों पर एंट्री टैक्स की समीक्षा कर रही।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने पंजाब के सीएम से इस मुद्दे पर विस्तृत चर्चा की।
पंजाब की आपत्ति के बाद लिया गया समीक्षा का निर्णय।
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार अपने उस निर्णय की समीक्षा कर रही है, जिसमें राज्य में आने वाले अन्य राज्यों के वाहनों पर एंट्री टैक्स में सौ रुपये वृद्धि कर दी गई थी। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने इस संबंध में आबकारी एवं कराधान विभाग को निर्देश दिए हैं। समझा जा रहा है कि कुछ बिंदुओं पर बदलाव होगा।
सोमवार को मंत्रिमंडल की बैठक में भी इस पर विस्तृत चर्चा की गई है। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने एंट्री टैक्स पर पंजाब के मुख्यमंत्री से विस्तृत चर्चा की है।
विक्रमादित्य बोले, हिमाचल का अधिकार
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह कहते हैं कि हिमाचल सरकार ने आय बढ़ाने के लिए यह फैसला लिया है, जो हिमाचल का अधिकार है, इसके बावजूद इस मुद्दे पर पंजाब से समन्वय बनाया जा रहा है।
एंट्री टैक्स के फैसले की समीक्षा
पंचायती राज और ग्रामीण विकास मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि एंट्री टैक्स के फैसले की समीक्षा की जा रही है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा, 'बाकी पंजाब सरकार की मर्जी है, वह इस मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट जाए या भगवान के पास जाए।
दो राज्यों के बीच विवाद का कारण बना
सुक्खू सरकार का एंट्री टैक्स बढ़ाने का फैसला दो राज्यों के बीच विवाद का कारण बन गया है। पंजाब सरकार के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बदले में हिमाचल के वाहनों पर भी ऐसा ही कर लगाने के संकेत दिए थे।
कैबिनेट में हुई चर्चा
उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने इस मामले पर कैबिनेट में चर्चा होने की पुष्टि करते हुए कहा कि सुक्खू की इस विषय पर पंजाब के मुख्यमंत्री से भी बातचीत की है। इस पूरे मामले को देखते हुए मुख्यमंत्री ने विभाग से रिपोर्ट मांगी है। पंजाब की इस आपत्ति का हल खोजा जा रहा है।
प्रस्तावित नई प्रवेश शुल्क दरें (पहली अप्रैल 2026 से)
- वाहन पहले अब
- निजी कार/जीप/वैन ₹70 ₹170
- 12+1 यात्री वाहन ₹110 170
- मिनी बस (32 सीटर) ₹180 ₹320
- वाणिज्यिक बस/ट्रक: ₹320 ₹600
- भारी मालवाहक : ₹720 ₹900
- निर्माण मशीनरी ₹570 ₹800
- ट्रैक्टर ₹70 100
- डबल-एक्सल बस/ट्रक ₹570 (अपरिवर्तित)
यह भी पढ़ें: हिमाचल प्रदेश में पेट्रोल-डीजल 5 रुपये महंगा होगा, विधानसभा में वैट संशोधन विधेयक पारित; विपक्ष ने किया विरोध

