हिमाचल के सरकारी स्कूलों में 38 पूर्व सैनिक TGT शिक्षक नियुक्त, 10 दिनों में जॉइनिंग अनिवार्य
हिमाचल के सरकारी स्कूलों में 38 पूर्व सैनिकों को टीजीटी शिक्षक के रूप में नियुक्त किया गया है। इन शिक्षकों ...और पढ़ें

10 दिन में ज्वाइन नहीं किया तो प्रस्ताव रद।
HighLights
हिमाचल में 38 पूर्व सैनिक टीजीटी शिक्षक नियुक्त किए गए
10 दिन में जॉइनिंग अनिवार्य, अन्यथा नियुक्ति रद्द होगी
₹22,860 मासिक मानदेय, एक वर्ष का प्रशिक्षु अनुबंध
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल के सरकारी स्कूलों में 38 पूर्व सैनिकों को टीजीटी के रूप में नियुक्ति मिली है। स्कूल शिक्षा निदेशालय ने टीजीटी आर्ट्स, मेडिकल और नॉन मेडिकल वर्ग में प्रशिक्षु आधार पर नियुक्ति के आदेश जारी किए हैं। नियुक्त शिक्षकों को 10 दिन के भीतर आवंटित स्कूल में कार्यभार संभालना होगा, अन्यथा नियुक्ति का प्रस्ताव बिना किसी अलग नोटिस के स्वत: वापस माना जाएगा।
इन शिक्षकों को प्रतिमाह 22,860 रुपये का निश्चित वेतन मिलेगा, जो संबंधित नियमित पद के वेतन मैट्रिक्स के प्रथम सेल का 60 प्रतिशत है। ज्वाइनिंग से पहले संबंधित प्रधानाचार्य या मुख्याध्यापक के साथ निर्धारित बांड करना भी अनिवार्य किया गया है। बांड पूरा होने के बाद ही ज्वाइनिंग स्वीकार होगी।
नियुक्ति की प्रारंभिक अवधि एक वर्ष रहेगी। संतोषजनक प्रदर्शन पर प्रशिक्षु अनुबंध को साल-दर-साल आगे बढ़ाया जा सकेगा। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि ग्रामीण, दुर्गम या जनजातीय क्षेत्र में तैनाती मिलने पर बाद में सामान्य क्षेत्र में तैनाती बदलने का दावा नहीं किया जा सकेगा।
ऐसे स्थान पर नियुक्ति से इनकार करने वाले अभ्यर्थी को एक वर्ष या अगली भर्ती तक दोबारा नियुक्ति के लिए पात्र नहीं माना जाएगा।
यह भी पढ़ें- हिमाचल प्रदेश के CBSE संबद्ध 151 सरकारी स्कूलों में बंद होंगे दो कोर्स, अगले सत्र से बदलाव लागू होगा
