Himachal Weather: हिमाचल में बर्फबारी ने करवाया ठंडक का अहसास, अभी राहत नहीं देगा मौसम; सक्रिय रहेगा मानसून
हिमाचल प्रदेश में मानसून की विदाई की उल्टी गिनती शुरू हो गई है, हालांकि पहाड़ों में बर्फबारी और बारिश से ...और पढ़ें
HighLights
हिमाचल में मानसून की विदाई सितंबर अंत तक होगी।
धौलाधार, कुल्लू-मनाली में हुई इस मौसम की पहली बर्फबारी।
अगले तीन दिन आंधी-तूफान, बिजली गिरने का अलर्ट जारी।
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून की विदाई की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश से मानसून की विदाई इस माह के अंत तक होगी। लेकिन इस बीच मौसम ने तेवर दिखाए हैं। हिमाचल के पहाड़ों में बर्फबारी और ऊंचाई वाले अन्य क्षेत्रों में बारिश से मौसम ठंडा हो गया है। धौलाधार पर्वत श्रृंखला में इस मौसम की पहली बर्फबारी हुई है। कुल्लू-मनाली के पहाड़ों में भी बर्फ गिर रही है।
अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार जम्मू के पास बना पश्चिमी विक्षोभ अब कमजोर पड़ गया है।
इस कारण भारी बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। लेकिन 18 सितंबर तक कुछ स्थानों पर तेज आंधी और गरज के साथ बिजली गिरने की चेतावनी है। इसके बाद 19 से 22 सितंबर के बीच बारिश में कमी आएगी।
केलंग में ठड
जनजातीय जिला लाहुल-स्पीति के केलंग में गुलाबी ठंड ने दस्तक दे दी है। बर्फबारी के बाद पूरे प्रदेश के मौसम में बदलाव आया है। प्राकृतिक आपदाओं और हादसों में अब तक 315 लोगों की जान जा चुकी है और 3212 करोड़ से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
51 सड़कें बंद
प्रदेशभर में 51 सड़कें अभी भी यातायात के लिए ठप हैं, इनमें सबसे बुरा हाल मंडी जिले का है, जहां 24 सड़कें बंद हैं (अकेले सराज में 21)। कांगड़ा में 10 और कुल्लू में 9 मार्गों पर आवाजाही बाधित है। शिमला के रामपुर में पानी की दो योजनाएं और बिजली का एक ट्रांसफार्मर बंद पड़ा है। प्रशासन बहाली में जुटा है, लेकिन लगातार हो रहे भूस्खलन से मुश्किलें आ रही हैं।
