Himachal Weather: हिमाचल के 5 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, नाहन-श्रीरेणुकाजी रोड पर दरका पहाड़; 150 सड़कें ठप
हिमाचल प्रदेश में 5 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है, जिसमें 3 सितंबर तक पांच जिलों ...और पढ़ें

सिरमौर में नाहन-ददाहू-श्रीरेणुकाजी मार्ग पर दरकी पहाड़ी के कारण आवाजाही बंद हो गई है। जागरण
HighLights
हिमाचल में 5 सितंबर तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना।
चंबा, कांगड़ा, मंडी, बिलासपुर, सिरमौर में भारी वर्षा का अलर्ट।
बारिश-भूस्खलन से 150 सड़कें बंद, 1200 करोड़ से अधिक का नुकसान।
जागरण टीम, शिमला/नाहन। हिमाचल प्रदेश में बारिश का दौर लगातार जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने पांच सितंबर तक प्रदेश के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना जताई है। तीन सितंबर तक चंबा, कांगड़ा, मंडी, बिलासपुर और सिरमौर जिले में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना है। प्रदेश में वर्षा व भूस्खलन के कारण 150 सड़कें बंद हैं।
अधिकतर सड़कें ग्रामीण क्षेत्रों की बंद हैं। प्रदेश में 30 जून से एक सितंबर तक 1200 करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान हुआ है।
नाहन-श्रीरेणुकाजी मार्ग बंद
जिला सिरमौर में नाहन ददाहू श्रीरेणुकाजी मार्ग नैहली के पास पूरी तरह बंद हो गया है, जिसे बहाल करने में काफी समय लग सकता है। यहां पहाड़ी दरक गई है। एसडीएम नाहन राजीव संख्यान ने लोगों से अपील की है कि नाहन से ददाहू श्रीरेणुकाजी जाने वाले लोग जमटा से बिरला होते हुए अथवा शिलनू-कैलाश मार्ग का उपयोग करें। इसी तरह ददाहू श्रीरेणुकाजी से नाहन आने वाले यात्रियों को भी इन्हीं वैकल्पिक मार्गों से सफर करने की सलाह दी गई है।
सिरमौर में 18 सड़कें बंद
उधर, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण सिरमौर के अनुसार बारिश के कारण जिले में 18 सड़कें बंद अथवा प्रभावित हैं। इनमें नाहन मंडल की 14 और पांवटा साहिब मंडल की 4 सड़कें शामिल हैं। लगातार बारिश से लोक निर्माण विभाग को करीब 3 करोड़ 16 लाख 50 हजार रुपए का नुकसान आंका गया है।
वहीं जल शक्ति विभाग की 35 पेयजल एवं सिंचाई योजनाएं प्रभावित हुई हैं। इनमें नौहराधार क्षेत्र की 24 और नाहन क्षेत्र की 11 योजनाएं शामिल हैं। जल शक्ति विभाग को करीब 2 करोड़ 22 लाख 50 हजार रुपए के नुकसान का अनुमान है।
अगस्त में 17 प्रतिशत कम बरसे मेघ
प्रदेश में अगस्त में सामान्य से 17 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। प्रदेश में सामान्य वर्षा 256.8 मिलीमीटर की अपेक्षा 212.5 दर्ज की गई। वर्ष 1901 के बाद अगस्त की 29वीं सबसे कम वर्षा है।
मकान गिरने से बुजुर्ग महिला की मौत
सुलह विधानसभा क्षेत्र के तहत साम्बा पंचायत के वार्ड दो में सोमवार रात स्लेटपोश मकान की छत गिरने से 106 वर्षीय लच्छी देवी पत्नी स्वर्गीय मंगत राम की दबने से मौत हो गई। लच्छी देवी पुराने कच्चे मकान में अकेली रहती थीं। उनके तीन बेटे हैं, जिनमें से एक की पहले ही मौत हो चुकी है। दूसरे बेटों चूड़ामणि नाग व राज कुमार ने कच्चे मकान के साथ ही अलग पक्के मकान बनाए हैं और वहीं रहते हैं। भवारना पुलिस ने स्वजन के बयान दर्ज किए। पंचायत के प्रधान संजय गुलेरिया भी मौजूद रहे।
