विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल में अभी तेवर दिखाएगा मौसम, बिजली गिरने और आंधी का अलर्ट; केलंग में 7.5 डिग्री सेल्सियस तक गिरा तापमान

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Wed, 16 Sep 2026 11:42 AM (IST)

हिमाचल प्रदेश में मानसून अभी पूरी तरह विदा नहीं हुआ है, और अगले तीन दिनों तक कुछ स्थानों पर आंधी-तूफान व बिजली गिरने की संभावना है।

हिमाचल प्रदेश में मौसम तीन दिन तेवर दिखाएगा।

हिमाचल प्रदेश में मौसम तीन दिन तेवर दिखाएगा।

HighLights

  1. अगले तीन दिनों तक आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना।

  2. मंडी में अधिकतम 33.2 डिग्री, केलंग में न्यूनतम 7.5 डिग्री तापमान।

  3. नागरिकों को खराब मौसम में सुरक्षित रहने की सलाह दी गई।

राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश के मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। राज्य के कुछ हिस्सों में झमाझम बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है, तो वहीं कुछ इलाकों में अभी भी दिन का तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। भारत मौसम विज्ञान विभाग शिमला की ओर से 16 सितंबर को जारी ताजा बुलेटिन के अनुसार, प्रदेश में मानसून अभी पूरी तरह से विदा नहीं हुआ है और आगामी तीन दिनों तक कुछ स्थानों पर आंधी-तूफान व बिजली गिरने की संभावना है।

मौसम विज्ञान केंद्र, शिमला ने आगामी दिनों के लिए पूर्वानुमान और चेतावनी जारी की है। आंधी-तूफान का अलर्ट है। 16, 17 और 18 सितंबर को प्रदेश के कुछ स्थानों पर गरज के साथ बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। इन दिनों घर से बाहर निकलते समय सावधानी बरतें।

16 से 18 सितंबर तक राज्य में छिटपुट स्थानों पर बारिश का दौर जारी रहेगा। इसके बाद 19 से 22 सितंबर के बीच बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी और केवल कुछ ही स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। राहत की बात यह है कि आगामी एक सप्ताह तक प्रदेश में कहीं भी भारी बारिश का कोई अलर्ट नहीं है।

धर्मशाला में झमाझम बारिश, लोगों को मिली राहत

बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में बादलों ने खूब डेरा डाला। सबसे अधिक बारिश कांगड़ा जिले के धर्मशाला में दर्ज की गई, जहां 31.1 मिलीमीटर बदरा बरसे। इसके अलावा मंडी के मुरारीदेवी में 26.0 मिमी, सोलन के गोहर व किन्नौर के निचार में 12.0 मिमी और कसौली में 10.0 मिमी बारिश दर्ज की गई है।

मंडी रहा सबसे गर्म, केलंग में कंपाने लगी ठंड

तापमान की बात करें तो मैदानी और निचले इलाकों में अभी भी दोपहर की धूप चुभ रही है। मंडी प्रदेश में सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, लाहुल-स्पीति के केलंग में ठंड ने अपनी दस्तक दे दी है। यहां का न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 7.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है, जो प्रदेश में सबसे कम है।

मौसम विभाग के अनुसार, कई स्टेशनों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से 2-3 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया है, जिससे सुबह-शाम गुलाबी ठंड का अहसास होने लगा है।

पश्चिमी विक्षोभ कमजोर

जम्मू और उसके आसपास के क्षेत्रों में बना पश्चिमी विक्षोभ अब कमजोर पड़ गया है, जिसके चलते भारी बारिश की संभावना कम हो गई है।

नागरिकों के लिए सलाह

चूंकि अगले तीन दिनों तक बिजली गिरने और गरज-चमक की चेतावनी है, इसलिए खराब मौसम के दौरान सुरक्षित और पक्के घरों में रहें। पेड़ों के नीचे या खुले मैदान में जाने से बचें। यात्रा करते समय मौसम के अपडेट पर नजर बनाए रखें।

यह भी पढ़ें: हिमाचल में उभरा नया पर्यटन स्थल, भगवान के सिंहासन का प्रतीक गोमो रंजन पर्वत बना हॉट स्पॉट; मनाली से 155 KM दूरी