विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 01, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

हिमाचल में चटक धूप ने किया नए साल का स्वागत, स्नोफॉल की उम्मीद नहीं; 24 घंटे साफ रहेगा मौसम

Published: Wed, 01 Jan 2025 07:42 AM (IST)

नए साल के जश्न के लिए हिमाचल पहुंचे पर्यटकों का मौसम ने चटक धूप से स्वागत किया। हालांकि बर्फबारी की ...और पढ़ें

नए साल पर हिमाचल प्रदेश में हिमपात के आसार नहीं हैं। फाइल फोटो
नए साल पर हिमाचल प्रदेश में हिमपात के आसार नहीं हैं। फाइल फोटो

HighLights

  1. चटक धूप ने किया पर्यटकों का स्वागत
  2. नए साल पर हिमाचल में नहीं गिरेगी बर्फ
  3. हिमपात के बीच जश्न मनाने की आस नहीं हो सकी पूरी

राज्य ब्यूरो, शिमला। नए साल का जश्न मनाने हिमाचल पहुंचे पर्यटकों का मौसम ने चटक धूप से स्वागत किया। मंगलवार दोपहर को बादल छा गए व सर्द हवाएं चलने से ठंड का प्रकोप बरकरार रहा। हिमपात के बीच नए साल का जश्न मनाने की आस पूरी नहीं हो सकी।

सोमवार रात प्रदेश में इस सीजन की सबसे सर्द रात रही। जनजातीय जिला लाहुल-स्पीति के ताबो में न्यूनतम तापमान -17.3 डिग्री सेल्सियस रहा।

5 शहरों में तापमान शून्य से नीचे

पांच प्रमुख शहरों में भी तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है। समदो में न्यूनतम तापमान -12.6 डिग्री, कुकुमसेरी में -12.8 डिग्री, केलंग में -8.3 डिग्री, कल्पा में -3.6 डिग्री, रिकांगपिओ में -0.9 डिग्री, मनाली में 2.2 डिग्री और शिमला में 6.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

यह भी पढ़ें- Delhi Weather: दिल्ली-NCR में नए साल के पहले दिन कैसा रहेगा मौसम? पड़ेगी कड़ाके की ठंड या मिलेगी राहत, यहां जानिए

मंगलवार को खिली धूप ने लोगों को कुछ राहत दी। मैदानी इलाकों में घने कोहरे ने जनजीवन प्रभावित किया। कांगड़ा, ऊना, मंडी और बिलासपुर जिलों में घने कोहरे के कारण दृश्यता कम रही और यातायात प्रभावित हुआ। सबसे अधिक तापमान सुंदरनगर में 21.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

नए साल पर हिमपात की उम्मीद नहीं

नए साल की पूर्व संध्या और पहली जनवरी को प्रदेश में हिमपात के आसार नहीं हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के विज्ञानी संदीप शर्मा ने बताया कि अगले 24 घंटों में मौसम साफ रहेगा।

नए साल का पहला दिन यानी पहली जनवरी को भी प्रदेश के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में धूप खिली रहेगी। बता दें कि नए साल पर हिमपात के उम्मीद में काफी सारे सैलानी हिमाचल पहुंचे हैं। हालांकि, मौसम विभाग ने साफ कर दिया है कि साल के पहली दिन हिमपात की संभावना नहीं है। 

तीन जनवरी तक चोटियों पर हिमपात की संभावना

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक पहली से तीन जनवरी के बीच हिमाचल की पर्वत शृंखलाओं में हल्का हिमपात हो सकता है। इससे ठंड और बढ़ेगी।

चार से छह जनवरी तक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय रहने की संभावना है। इससे पूरे प्रदेश में वर्षा और हिमपात हो सकता है। पांच जनवरी को शिमला और मनाली में हिमपात की संभावना है। बता दें कि दिसंबर में तीन बार हिमपात हो चुका है।

130 से अधिक सड़कें बंद

हिमपात के बाद प्रदेश में 130 से अधिक सड़कें अब भी बंद हैं। लाहुल-स्पीति जिले में सबसे ज्यादा सड़कें बंद हैं। प्रशासन यातायात बहाल करने में जुटा हुआ है।

यह भी पढ़ें- Weather Update: बर्फबारी, शीतलहर और बारिश... पढ़ें नए साल के पहले 7 दिन देशभर में कैसा रहेगा मौसम

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।