हिमाचल जिला परिषद चुनाव में BJP ने मारी बाजी, CM के गृह जिले में कांग्रेस को नहीं मिली सफलता; कहां कितनी सीटें?
हिमाचल प्रदेश जिला परिषद चुनाव में भाजपा ने 229 में से 136 सीटें जीतकर अपनी बढ़त बनाई है, जबकि कांग्रेस 52 सीटों पर पिछड़ गई है। मुख्यमंत्री के गृह जि ...और पढ़ें

हिमाचल प्रदेश के जिला परिषद नतीजों में भाजपा ने बाजी मारी है।
HighLights
भाजपा ने 136 जिला परिषद सीटों पर जीत दर्ज की।
कांग्रेस को 52 सीटें मिलीं, 43 निर्दलीय प्रत्याशी जीते।
मुख्यमंत्री के गृह जिले हमीरपुर में भी भाजपा आगे।
जागरण टीम, शिमला। हिमाचल प्रदेश में नगर निगम के बाद जिला परिषद चुनाव में भी भाजपा का पलड़ा भारी रहा है। कुल 250 जिला परिषद वार्ड में से अब तक 229 सीटों के नतीजे आ गए हैं, इसमें 136 सीटों पर भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। जिला परिषद के नतीजों में कांग्रेस पिछड़ गई है। कांग्रेस को 52 वार्ड में जीत मिली है। इसके अलावा 43 निर्दलीयों ने जीत हासिल की है। अभी 18 जिला परिषद की काउंटिंग चल रही है I पंचायतीराज संस्थाओं के तहत 1669 पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव परिणाम रविवार देर शाम तक घोषित कर दिए गए।
शिमला व सोलन की स्थिति
शिमला जिले में जिला परिषद के 25 वार्डों में से 10 पर भाजपा, नौ कांग्रेस व पांच सीटों पर निर्दलीय जीते हैं। सोलन जिले के 17 में से 10 वार्ड में भाजपा ने जीत दर्ज की है। यहां कांग्रेस 5 व निर्दलीय 2 सीट पर जीत दर्ज कर पाए हैं।
सिरमौर और किन्नौर में भाजपा
सिरमौर जिले में 17 में से 11 सीटों पर भाजपा व तीन पर कांग्रेस जीती है। किन्नौर जिले की 10 सीटों में से नौ पर भाजपा और एक सीट कांग्रेस ने जीती है।
ऊना जिले के 17 वार्डों में से 11 पर भाजपा, चार पर कांग्रेस व एक सीट निर्दलीय ने जीती है।
सीएम के गृह जिले में भाजपा जीती
हमीरपुर जिले के 19 वार्डों में से 15 पर भाजपा काबिज हुई है। एक पर कांग्रेस व दो अन्य जीते हैं। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के विधानसभा क्षेत्र नादौन के अमलैहड़ से कांग्रेस समर्थित रविंद्र गद्दी विजेता रहे हैं।
खबरें और भी
मंडी में भाजपा, पूर्व मंत्री की बेटी भी हारी
मंडी जिले की 36 सीटों में से 26 में भाजपा और कांग्रेस 3 सीटों पर विजयी रही। 7 सीटें निर्दलीयों ने जीती हैं। पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर की बेटी चंपा ठाकुर और कांग्रेस के उपाध्यक्ष चेतराम ठाकुर के बेटे तरुण ठाकुर को हार झेलनी पड़ी। पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह की बेटी वंदना गुलेरिया 51 वोट से हार गईं।
कुल्लू व लाहुल स्पीति
कुल्लू में 14 सीटों में से 9 पर भाजपा, कांग्रेस 4 व एक निर्दलीय की जीत हुई है। लाहुल-स्पीति जिला परिषद 10 में से नौ पर चुनाव हुआ। भाजपा तीन, कांग्रेस 5 और पूर्व मंत्री रामलाल मार्कंडेय के विकास मंच ने एक सीट पर जीत दर्ज की। एक वार्ड में बहिष्कार के कारण चुनाव नहीं हुआ था।
कांगड़ा और चंबा
चंबा जिले में 18 वार्डों में से 5 में भाजपा समर्थित और 10 में कांग्रेस समर्थित व तीन निर्दलीय जीते। कांगड़ा के 54 वार्डों में से 25 पर भाजपा, 11 कांग्रेस और 15 निर्दलीयों ने जीत दर्ज की है। बिलासपुर के सभी 14 वार्डों में में 9 भाजपा व 5 निर्दलीय जीते हैं।
गलत नाम अंकित होने से लटकी मतगणना
कुल्लू के बंजार के मंगलौर वार्ड में गलत नाम अंकित होने पर पंचायत समिति सदस्य की मतगणना की प्रक्रिया काफी देर तक लटकी रही। राज्य निर्वाचन आयोग ने इस संबंध में सारी जानकारी मांगी है। वर्ष 2021 में हुए जिला परिषद चुनावों में भाजपा नौ जिलों में जीती थी जबकि कांग्रेस ने तीन जिलों में बहुमत हसिल किया था।
चुनावी तस्वीर एक नजर में
- जिला परिषद चुनाव
- कुल वार्ड : 251
- नामांकन नहीं 1
- चुनाव हुआ : 250
पंचायत समिति चुनाव
- कुल वार्ड : 1769
- निर्विरोध निर्वाचित : 95
- नामांकन नहीं 7
यह भी पढ़ें: हिमाचल में चुनाव आचार संहिता हटते ही विकास कार्यों को मिलेगी गति, इन भर्तियों का भी होगा रास्ता साफ
यह भी पढ़ें: हिमाचल नगर निगम चुनाव में भाजपा का पलड़ा रहा भारी, 3 शहरों में लहराया भगवा; पालमपुर में कांग्रेस की जीत