CM सुक्खू के हलके नादौन में 25 करोड़ रुपये से बनेगा एक्वा पार्क, क्या होगी खासियत?
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश में मत्स्य पालन क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। हमीरपुर के नादौन में 25 करोड़ रुपये क ...और पढ़ें

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू।
HighLights
नादौन में 25 करोड़ रुपये का अत्याधुनिक एक्वा पार्क बनेगा।
मछुआरों को नौका खरीद पर 70% अनुदान, रॉयल्टी घटी।
ऑफ-सीजन में 6000 मछुआरों को सम्मान निधि मिलेगी।
सुनील शर्मा, शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने मत्स्य पालन क्षेत्र में क्रांतिकारी घोषणाएं की हैं। मुख्यमंत्री ने अपने बजट भाषण में हमीरपुर जिले के नादौन में 25 करोड़ रुपये की लागत से एक अत्याधुनिक एक्वा पार्क स्थापित करने का एलान किया है। यह पार्क न केवल मत्स्य पालन को आधुनिक तकनीक से जोड़ेगा, बल्कि क्षेत्र में पर्यटन और स्वरोजगार के नए द्वार भी खोलेगा।
ट्राउट फिश की 100 नई इकाइयां
मुख्यमंत्री ने मछुआरों और ट्राऊट मछली उत्पादकों के लिए कई महत्वपूर्ण प्रोत्साहन योजनाओं की घोषणा की है। प्रदेश में ट्राऊट मछली के उत्पादन को बढ़ाने के लिए 100 नई इकाइयां स्थापित की जाएंगी। इससे मत्स्य पालन को एक बड़े उद्योग के रूप में विकसित किया जाएगा।
नौका खरीद पर अनुदान
मछुआरों के सशक्तीकरण के लिए नौका खरीद पर 70 प्रतिशत अनुदान देने का निर्णय लिया गया है। इससे गरीब मछुआरों के लिए आधुनिक संसाधन जुटाना आसान होगा। मछुआरों को बड़ी राहत देते हुए मछली पकड़ने पर लगने वाली 15 प्रतिशत रायल्टी को घटाकर मात्र एक प्रतिशत कर दिया है।
आफ सीजन में सम्मान निधि का सहारा
मछुआरों के हितों की रक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने आफ सीजन (जब मछली पकड़ने पर प्रतिबंध होता है) के दौरान उनकी आर्थिकी का ख्याल रखा है। प्रदेश के लगभग 6000 मछुआरों को 3500-3500 रुपये की सम्मान निधि प्रदान की जाएगी। यह राशि उनके कठिन समय में परिवार के भरण-पोषण के लिए एक बड़ा सहारा साबित होगी।
खबरें और भी
मछली परिवहन के लिए वाहन खरीद पर अनुदान
जलाशयों की मछली का खरीद मूल्य 100 रुपये प्रति किलो तय किया है। अगर नीलामी में इससे कम दर पर मछली बिकती है तो सरकार 20 रुपये प्रति किलो की दर से डीबीटी के माध्यम से अनुदान देगी। मछली के परिवहन के लिए 20 रेफ्रिजिरेटर वाहन खरीदने के लिए 70 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा।