हिमाचल बिजली बोर्ड के कर्मचारी 7 बैंकों से ले सकेंगे बीमा कवर, ये 2 बैंक देंगे एक से डेढ़ करोड़ रुपये का लाभ
हिमाचल प्रदेश बिजली बोर्ड ने कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए सात बैंकों को सैलरी अकाउंट संचालन हेतु अधिकृत किया है। इस पहल से कर्मचारियों को विशेष सैलर ...और पढ़ें

हिमाचल बिजली बोर्ड के कर्मचारी 7 बैंक से बीमा कवर ले सकेंगे। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
बिजली बोर्ड ने 7 बैंकों को सैलरी अकाउंट के लिए अधिकृत किया।
कर्मचारियों को दुर्घटना, दिव्यांगता बीमा और अन्य बैंकिंग लाभ मिलेंगे।
PNB और SBI देंगे ₹1-1.5 करोड़ तक का दुर्घटना बीमा कवर।
जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश बिजली बोर्ड ने अपने कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए सात बैंकों को सैलरी अकाउंट संचालन के लिए अधिकृत किया है। बोर्ड की ओर से जारी आदेश के अनुसार कर्मचारियों को अब विशेष सैलरी पैकेज के साथ दुर्घटना बीमा, दिव्यांगता बीमा और अन्य बैंकिंग सुविधाओं का लाभ मिलेगा। इस पहल का उद्देश्य जोखिमपूर्ण कार्य करने वाले कर्मचारियों को बेहतर सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध करवाना है।
बोर्ड ने इसके लिए पंजाब नेशनल बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक और कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के साथ एमओयू किए हैं। इन बैंकों का चयन एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (ईओआई) प्रक्रिया के माध्यम से किया है।
पीएनबी ओर एसबीआई देंगे एक से डेढ़ करोड़ का बीमा कवर
बोर्ड के मुताबिक कर्मचारियों को बैंक के सैलरी पैकेज के तहत दुर्घटना में मृत्यु, स्थायी पूर्ण दिव्यांगता और स्थायी आंशिक दिव्यांगता की स्थिति में बीमा कवर मिलेगा। पंजाब नेशनल बैंक और भारतीय स्टेट बैंक की ओर से पात्र कर्मचारियों को एक करोड़ रुपये से लेकर डेढ़ करोड़ रुपये तक का दुर्घटना बीमा कवर उपलब्ध करवाया जाएगा। बैंक ऑफ बड़ौदा भी वेतन श्रेणी के अनुसार 40 लाख से 50 लाख रुपये तक का बीमा कवर देगा।
अन्य लाभ भी मिलेंगे
इसके अलावा कर्मचारियों को टर्म इंश्योरेंस, रियायती बैंकिंग सेवाएं, एटीएम/डेबिट कार्ड सुविधाएं और संबंधित बैंक की सैलरी योजना के तहत उपलब्ध अन्य विशेष लाभ भी मिलेंगे। बोर्ड प्रबंधन का कहना है कि इस व्यवस्था से कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा मजबूत होगी और उन्हें बेहतर बैंकिंग सुविधाएं भी प्राप्त होंगी।