विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी में छात्र संगठनों के बीच फिर विवाद, हथियार लेकर VC ऑफिस के बाहर पहुंचे; 7 गिरफ्तार

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Wed, 23 Sep 2026 12:23 PM (IST)

हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी में छात्र संगठनों के बीच झड़प हुई, जिसमें एसएफआई कार्यकर्ताओं के बैग से हथियार मिले। पुलिस ने ...और पढ़ें

HighLights

  1. एचपीयू में छात्र संगठनों के बीच हुई झड़प।

  2. एसएफआई कार्यकर्ताओं के बैग से हथियार बरामद हुए।

  3. पुलिस ने सात छात्रों को किया गिरफ्तार, जांच जारी।

जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी में मंगलवार शाम छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं के बीच एक बार फिर विवाद हो गया। लॉ डिपार्टमेंट में छात्रों के बीच झड़प का वीडियो भी सामने आया है। बाद में एसएफआई कार्यकर्ताओं के बैग से हथियार मिले हैं। इस घटना के बाद छात्र वीसी ऑफिस के बाहर पहुंचे। यहां छात्रों के बैग की चेकिंग के दौरान हथियार बरामद किए गए।

अब झड़प का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पूरे घटनाक्रम को लेकर विश्वविद्यालय में तनाव का माहौल बना हुआ है।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

विश्वविद्यालय परिसर में किसी बात को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते झड़प में बदल गई। इस दौरान दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट हुई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

7 कार्यकर्ता गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में दोनों छात्र संगठनों के कुल सात कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। सभी गिरफ्तारियां बालूगंज थाना के तहत की गई हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और झड़प के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और झड़प के दौरान कौन-कौन लोग शामिल थे।

गत सप्ताह भी हुई थी झड़प

विश्वविद्यालय परिसर में छात्र संगठनों के बीच लगातार सामने आ रही झड़प की घटनाओं से माहौल को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। मंगलवार की घटना से पहले पिछले सप्ताह भी एबीवीपी और एसएफआई कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट हुई थी। उस मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के कुल 10 लोगों को गिरफ्तार किया था। पिछले मामले की कार्रवाई के बाद भी मंगलवार को दोबारा झड़प होने से विश्वविद्यालय परिसर में छात्र संगठनों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मंगलवार को हुई घटना के संबंध में गिरफ्तार किए गए सातों कार्यकर्ताओं से पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल सकती है, ताकि झड़प में शामिल अन्य लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सके। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


यह भी पढ़ें: हिमाचल यूनिवर्सिटी में ABVP और SFI कार्यकर्ताओं के बीच खूनी झड़प, कई छात्र घायल; पुलिस ने 5 गिरफ्तार किए