विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में जीत के बाद गृह राज्य पहुंचे जेपी नड्डा का जोरदार स्वागत, हिमाचल भाजपा ने दिया धनुष-तीर, बोले- अगला निशाना ये 2 राज्य

By Jagran News Edited By: Rajesh Sharma
Updated: Sat, 13 Dec 2025 01:17 PM (IST)

बिहार में जीत के बाद जेपी नड्डा का गृह राज्य हिमाचल प्रदेश में जोरदार स्वागत हुआ। हिमाचल भाजपा ने उन्हें धनुष-तीर भेंट किया, जिसके बाद उन्होंने कहा कि ...और पढ़ें

हिमाचल भाजपा नेताओं ने जेपी नड्डा को धनुष व तीर देकर सम्मानित किया।

हिमाचल भाजपा नेताओं ने जेपी नड्डा को धनुष व तीर देकर सम्मानित किया।

HighLights

  1. बिहार में जीत के बाद जेपी नड्डा का गृह राज्य आगमन

  2. हिमाचल भाजपा ने जेपी नड्डा को दिया धनुष-तीर

  3. नड्डा ने कहा, अब दो राज्यों पर है निशाना



जागरण संवाददाता, शिमला। बिहार चुनाव में जीत के बाद गृह राज्य हिमाचल प्रदेश पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इससे पहले नड्डा ने शिमला में पार्टी कार्यालय का शिलान्यास भी किया। 

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि बिहार का चुनाव किसी भी दृष्टि से छोटा-मोटा चुनाव नहीं था, बल्कि यह देश की राजनीति की दिशा तय करने वाला एक बड़ा जनादेश था।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के सशक्त नेतृत्व में बिहार से कांग्रेस का सूपड़ा साफ होकर आया है। यह परिणाम साफ दर्शाता है कि देश की जनता कांग्रेस की नकारात्मक और विफल राजनीति को पूरी तरह नकार चुकी है।

बिहार चुनाव कांग्रेस की गिरती साख का प्रमाण

डॉ. बिंदल ने कहा कि बिहार में कांग्रेस को मात्र छह सीटों पर सिमटना पड़ा, जो उसकी गिरती हुई साख का प्रमाण है। उन्होंने दावा किया कि यही स्थिति आगामी 2027 के हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में भी देखने को मिलेगी, जहां कांग्रेस दो अंकों तक भी नहीं पहुंच पाएगी और केवल दो सीटों पर सिमट कर रह जाएगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता कांग्रेस सरकार के कुशासन, भ्रष्टाचार और झूठे वादों से पूरी तरह त्रस्त हो चुकी है।

भाजपा के प्रदर्शन से कांग्रेस बेचैन

प्रदेश अध्यक्ष ने धर्मशाला में भाजपा द्वारा किए गए ऐतिहासिक और प्रचंड प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि इस विशाल जनसैलाब ने कांग्रेस की नींद उड़ा दी है। भाजपा के इस प्रदर्शन की गूंज इतनी तीव्र थी कि कांग्रेस पार्टी ने अपने तथाकथित जश्न का नाम तक बदलने पर मजबूर हो गई। यह स्पष्ट संकेत है कि कांग्रेस स्वयं अपनी विफलताओं को लेकर असहज और भयभीत है।

बिहार के बाद बंगाल और हिमाचल की बारी

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि “धनुष-तीर भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को सौंपा गया है और उनका निशाना अचूक है।” उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पहले कोलकाता में भाजपा विजय पताका फहराएगी और उसके बाद हिमाचल प्रदेश में भी भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि नड्डा के नेतृत्व में भाजपा हर मोर्चे पर मजबूती से आगे बढ़ रही है और आने वाले चुनावों में निर्णायक जीत हासिल करेगी।