हिमाचल: खनेरी अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों का अभाव, मरीजों को इलाज के लिए भटकना पड़ रहा
रामपुर के खनेरी अस्पताल में नेत्र, ईएनटी और रेडियोलॉजिस्ट जैसे विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी से मरीजों को भारी परेशानी हो रही है। ...और पढ़ें

हिमाचल: खनेरी अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों का अभाव (फाइल फोटो)
HighLights
खनेरी अस्पताल में नेत्र, ईएनटी विशेषज्ञ और रेडियोलॉजिस्ट के पद खाली।
दो माह से अल्ट्रासाउंड मशीन खराब, मरीजों को हो रही परेशानी।
मरीजों को निजी अस्पतालों या शिमला जाने को मजबूर होना पड़ रहा।
जागरण संवाददाता, बुशहर। रामपुर के महात्मा गांधी सेवा चिकित्सा परिसर खनेरी में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी का खामियाजा मरीजों को लगातार भुगतना पड़ रहा है। अस्पताल में पिछले करीब दो माह से नेत्र विशेषज्ञ का पद खाली है, जबकि ईएनटी विशेषज्ञ करीब दो वर्षों से तैनात नहीं है।
इससे न केवल रामपुर बल्कि किन्नौर, आनी, ननखड़ी और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को उपचार के लिए निजी अस्पतालों या शिमला का रुख करना पड़ रहा है। विशेषज्ञ चिकित्सकों के अभाव में सामान्य ओपीडी में आने वाले मरीजों को भी उचित परामर्श नहीं मिल पा रहा है। आंखों की जांच, मोतियाबिंद, कान के संक्रमण, सुनने की समस्या और गले से संबंधित बीमारियों के मरीज सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।
आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर निजी अस्पतालों में इलाज कराने का अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। स्थिति यहीं तक सीमित नहीं है। अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट का पद भी खाली है।
वहीं पिछले लगभग दो माह से अल्ट्रासाउंड मशीन भी खराब होने के कारण बंद पड़ी है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार जल्द ही नई अल्ट्रासाउंड मशीन मिलने की संभावना है, लेकिन यदि रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति नहीं होती है तो नई मशीन भी उपयोग के बजाय धूल फांकने को मजबूर हो सकती है।
मरीजों और स्थानीय लोगों का कहना है कि खनेरी अस्पताल क्षेत्र का प्रमुख स्वास्थ्य संस्थान है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में विशेषज्ञ डॉक्टरों और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव गंभीर चिंता का विषय है।
खबरें और भी
क्षेत्रवासियों ने प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि अस्पताल में जल्द से जल्द नेत्र विशेषज्ञ, ईएनटी विशेषज्ञ और रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति की जाए तथा नई अल्ट्रासाउंड मशीन को शीघ्र चालू कर मरीजों को राहत प्रदान की जाए, ताकि लोगों को उपचार के लिए दूर-दराज के अस्पतालों के चक्कर न लगाने पड़ें।
खनेरी अस्पताल के एमएस डॉ. रोशन लाल कौंडल ने भी माना की नेत्र और ईएनटी की विशेषज्ञों के पद खाली चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग से इस बारे में पत्राचार किया जा चुका है, ताकि खनेरी के लिए इन दोनों को चिकित्सकों की तैनाती जल्द हो सके।