राष्ट्रपति का शिमला दौरा: शहर में 45 मिनट के लिए रुक जाएगा ट्रैफिक, पर्यटकों के लिए क्या है गाइडलाइन?
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 27 अप्रैल से 2 मई तक शिमला दौरे पर रहेंगी, जिसके लिए सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। शहर में 1000 से अधिक पु ...और पढ़ें

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु कल यानी सोमवार से शिमला प्रवास पर होंगी। जागरण आर्काइव
HighLights
राष्ट्रपति मुर्मु का शिमला दौरा 27 अप्रैल से 2 मई तक रहेगा।
सुरक्षा में 1000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात, शहर तीन सेक्टर में।
राष्ट्रपति की आवाजाही पर 45 मिनट तक ट्रैफिक रुकेगा।
जागरण संवाददाता, शिमला। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 27 अप्रैल से दो मई तक शिमला प्रवास पर रहेंगी। राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर राज्य सरकार और जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। राजधानी शिमला में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। राष्ट्रपति के दौरे के दौरान शहर में सुरक्षा के मद्देनजर एक हज़ार से अधिक पुलिस जवानों की तैनाती की गई है।
इसके साथ ही शिमला शहर को तीन अलग-अलग सेक्टरों में विभाजित किया गया है ताकि सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर तरीके से संचालित किया जा सके। प्रत्येक सेक्टर में वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में पुलिस बल तैनात रहेगा।
राष्ट्रपति के आवाजाही के दौरान शहर के ट्रैफिक 45 मिनट के लिए रोका जाएगा। इस बात का भी विशेष ध्यान रखा गया है कि इस दौरान स्कूली छात्रों व आम जनता को समस्या का सामना न करना पड़े।
वैकल्पिक मार्ग बनाए प्रशासन ने
आईपीएस अंजुम आरा (डीआईजी साउथ रेंज) ने बताया कि राष्ट्रपति दौरे के दौरान आम जनता को कम से कम असुविधा हो, इसके लिए विशेष योजना तैयार की गई है। जिन स्थानों पर राष्ट्रपति के कार्यक्रम निर्धारित हैं, वहां यातायात के लिए वैकल्पिक मार्ग (अल्टरनेट रूट) तय किए गए हैं, ताकि शहर में जाम की स्थिति न बने।
उन्होंने बताया कि सुरक्षा के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने पर्याप्त इंतजाम किए हैं। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे प्रशासन का सहयोग करें और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
पर्यटकों के लिए गाइडलाइन
डीआईजी अंजुम आरा ने यह भी स्पष्ट किया कि हिमाचल प्रदेश आने वाले पर्यटकों के लिए किसी प्रकार का प्रतिबंध नहीं लगाया गया है। केवल राष्ट्रपति की आवाजाही के दौरान ही कुछ समय के लिए ट्रैफिक को डायवर्ट किया जाएगा, जिससे आम लोगों और पर्यटकों को न्यूनतम परेशानी हो।
प्रशासन का कहना है कि राष्ट्रपति का यह दौरा पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जाएगा, जिसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां अंतिम चरण में हैं।