Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 07, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    Shimla News: शिमला में बनेगा भव्य परिसर, 200 करोड़ देगी सुक्खू सरकार; पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

    Updated: Mon, 07 Apr 2025 02:38 PM (GMT+05:30)

    Shimla News शिमला के सब्जी मंडी क्षेत्र में प्रस्तावित भव्य परिसर निर्माण की समीक्षा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने की। पहले चरण में लगभग चार लाख ...और पढ़ें

    मुख्यमंत्री सचिवालय में अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए सीएम सुक्खू
    मुख्यमंत्री सचिवालय में अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए सीएम सुक्खू

    HighLights

    1. पहले चरण में चार लाख और दूसरे चरण में 1.40 लाख वर्ग फीट पर बनेगा परिसर
    2. यह पहल शिमला के शहरी परिदृश्य के सुंदरीकरण में सहायक सिद्ध होगी

    राज्य ब्यूरो, शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिमला स्थित राज्य सचिवालय में रविवार को शहर के सब्जी मंडी क्षेत्र में प्रस्तावित भव्य परिसर निर्माण की समीक्षा की। अधिकारियों के साथ बैठक में उन्होंने कहा कि पहले चरण में लगभग चार लाख वर्ग फीट और दूसरे चरण में लगभग 1.40 लाख वर्ग फीट क्षेत्र में निर्माण कार्य किया जाएगा। राज्य सरकार पहले चरण के निर्माण कार्य के लिए लगभग 200 करोड़ रुपये प्रदान करेगी। इसमें शिमला नगर निगम के कार्यालय सहित शॉपिंग कॉम्पलेक्स, होटल, आवासीय फ्लैट, दुकानें, पार्किंग और कई अन्य सुविधाएं शामिल होंगी।

    पर्यटन को बढ़ावा देना है उद्देश्य

    इस बहुउद्देशीय परियोजना का उद्देश्य शहरी बुनियादी अधोसंरचना का विस्तार कर शहर में पर्यटन को बढ़ावा देना है। इस परिसर का निर्माण लगभग 14 बीघा भूमि पर दो चरणों में किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को पहले चरण के निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए।

    कर्मचारियों के लिए कालोनी का भी होगा पुनर्विकास

    उन्होंने कहा कि परियोजना के तहत क्षेत्र में कर्मचारियों के लिए कालोनी का भी पुनर्विकास किया जाएगा। परिसर के निर्माण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि यह पहल शिमला के शहरी परिदृश्य के सुंदरीकरण में सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने शिमला नगर निगम को परियोजना का सुचारू क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय निवासियों के साथ संवाद करने के लिए भी कहा।

    शिमला के महापौर ने कही ये बात

    शिमला नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान ने शिमला शहर के लिए इस महत्वपूर्ण परियोजना को स्वीकृति प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नया परिसर शिमला के विकास में मील पत्थर साबित होगा। इससे लंबे समय से चली आ रही स्थानीय समस्याओं का समाधान होगा और राजधानी की पर्यटन क्षमताओं के विस्तार में मदद मिलेगी।

    खबरें और भी

    ये लोग रहे मौजूद

    इस दौरान ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, विधायक मोहन लाल ब्राक्टा, हरीश जनारथा, उपमहापौर उमा कौशल, मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, अतिरिक्त मुख्य सचिव कमलेश कुमार पंत, मुख्यमंत्री के सचिव राकेश कंवर, सचिव राजेश शर्मा व नगर निगम शिमला के पार्षद भी उपस्थित रहे।