'शिमला जिला कोर्ट में रखा है बम', ई-मेल मिलते ही मच गया हड़कंप; पुलिस ने परिसर खाली करवाया
शिमला जिला एवं सत्र न्यायालय को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिससे हड़कंप मच गया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बम निरोधक दस्ते और डॉग स ...और पढ़ें

शिमला के जिला कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
शिमला जिला न्यायालय को ईमेल से बम की धमकी मिली।
पुलिस ने सघन तलाशी ली, कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
धमकी भरे ईमेल भेजने वाले की पहचान की जा रही है।
जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में चक्कर स्थित जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। यह धमकी आधिकारिक ईमेल के माध्यम से भेजी गई थी, जिसकी सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। जानकारी के अनुसार यह धमकी ईमेल के जरिए प्राप्त हुई थी। इसमें कोर्ट परिसर में बम रखे होने की बात कही गई थी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की मदद से पूरे परिसर की सघन तलाशी ली गई। पुलिस ने अदालत भवन सहित आसपास के क्षेत्रों की बारीकी से जांच की, लेकिन तलाशी के दौरान कोई भी बम या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
डिजिटल साक्ष्यों को खंगाल रही पुलिस
जांच पूरी होने के बाद अदालत परिसर में स्थिति सामान्य कर दी गई और कामकाज नियमित रूप से जारी रहा। पुलिस के अनुसार धमकी भरा ईमेल भेजने वाले की पहचान के लिए तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है और संबंधित डिजिटल साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है।
हाई कोर्ट सहित अन्य परिसरों को भी मिल चुकी है धमकी
बता दें कि इससे पहले भी जिला एवं सत्र न्यायालय के अलावा हाई कोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। हाईकोर्ट, जिला एवं सत्र न्यायालय के अलावा कई अन्य परिसरों को उड़ाने की धमकी भरी ईमेल पहले भी प्राप्त हुई है।
बालूगंज थाना में मामला दर्ज
पुलिस ने बालूगंज थाना के तहत मामला दर्ज कर लिया है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह ईमेल कहां से आई थी। वहीं न्यायालय में तलाशी के बाद फिर से पहले की तरह ही काम शुरू हो गया था।