Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का शिमला दौरा: शहर में सड़क किनारे पार्क वाहन हटेंगे, चेतावनी के बाद क्रेन से उठाएगी पुलिस

    By Rohit Nagpal Edited By: Rajesh Sharma
    Updated: Tue, 21 Apr 2026 06:11 PM (GMT+05:30)

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के शिमला के प्रस्तावित दौरे को लेकर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर में सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटाने के लिए पहले च ...और पढ़ें

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के शिमला दौरे को लेकर पुलिस सतर्क हो गई है। जागरण आर्काइव

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के शिमला दौरे को लेकर पुलिस सतर्क हो गई है। जागरण आर्काइव

    HighLights

    1. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के शिमला दौरे की तैयारियां।

    2. सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटाने का अभियान।

    3. पहले चेतावनी स्लिप, फिर क्रेन से कार्रवाई।

    जागरण संवाददाता, शिमला। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के शिमला के प्रस्तावित दौरे को लेकर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर की सड़कों को सुचारू और सुरक्षित बनाए रखने के लिए ढली से जाठिया देवी तक सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटाया जाएगा। पुलिस ने बुधवार से वाहनों पर चेतावनी स्लिप (नोटिस) लगाने का निर्णय लिया है।

    पुलिस के मुताबिक इसका उद्देश्य सड़क किनारे अवैध रूप से पार्क किए वाहनों को हटाना है, ताकि वीआइपी मूवमेंट के दौरान बाधा न आए।

    पहले चेतावनी स्लिप लगाएगी पुलिस

    पहले चरण में सड़क किनारे खड़े वाहनों पर चेतावनी स्लिप लगाई जाएंगी। इसमें वाहन मालिकों को निर्धारित समय के भीतर अपने वाहन हटाने के निर्देश दिए जाएंगे। पुलिस ने साफ किया है कि यदि तय समय के भीतर वाहन नहीं हटाए तो कार्रवाई की जाएगी। इसमें वाहनों को क्रेन से उठाकर हटाना और चालान करना शामिल होगा।

    यहां होगी कार्रवाई

    ढली से जाठिया देवी तक का मार्ग अकसर सड़क किनारे खड़े वाहनों के कारण संकरा हो जाता है, जिससे यातायात प्रभावित होता है। राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए इस मार्ग को खाली और व्यवस्थित रखा जाएगा। 

    तीन सड़कों पर रहेगी नजर

    राष्ट्रपति शिमला प्रवास के दौरान छराबड़ा में अपने निवास में रहेंगी। इस दौरान जुब्बड़हट्टी हवाई अड्डा, अनाडेल से लेकर छराबड़ा हेलीपोर्ट तीनों ही रास्तों से छराबड़ा तक आने वाली सड़क पर काम किया जाता है। वह इस दौरान कुछ कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के लिए राजभवन या शहर के कई हिस्सों में आ सकती हैं। इससे इस रूट पर यातायात दबाव भी बढ़ सकता है। इसे देखते हुए पुलिस ने पहले से ही व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए यह अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है।

    छराबड़ा से लेकर ढली बाईपास, लक्कड़ बाजार, छोटा शिमला, चौड़ा मैदान, बालूगंज. तवी, पावर हाउस, टुटू, बडहैरी, जाठिया देवी से लेकर मल्याणा व चमियाणा में सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटाने पर काम किया जाना है।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें: हिमाचल और पंजाब के बीच कनेक्टिविटी मजबूत करेगा 840 मीटर लंबा पुल, 18 महीने में होगा तैयार; बेहद खास होगी संरचना