एक-दूसरे पर पत्थर बरसाते हैं लोग, खून बहने पर रुकता है खेल; दीवाली के बाद शिमला में 'पत्थर मेला', कैसे हुई इसकी शुरुआत?
शिमला के हलोग में दीपावली के अगले दिन पत्थर मेला मनाया जाता है, जहां लोग एक-दूसरे पर पत्थर फेंकते हैं। यह पर्व पिछले 400 वर्षों से मनाया जा रहा है।

फोटो एआई की सहायता से जनरेट की गई है।
HighLights
शिमला के हलोग में दीपावली के बाद मनाया जाता है पत्थर मेला
यह 400 साल पुरानी परंपरा मानव बलि रोकने के लिए शुरू हुई
सुरक्षा उपायों के साथ प्रतीकात्मक पत्थरबाजी की जाती है इस मेले में
डिजिटल डेस्क, शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के हलोग में आज पत्थर मेला मनाया जाएगा। दीपावली के ठीक एक दिन बाद यह पर्व मनाया जाता है। इस दिन लोग एक-दूसरे के ऊपर पत्थर फेंककर इस त्योहार को मनाते हैं। यह सुनने में जितना अजीब लगता है, उसकी मान्यता उतनी ही प्रासंगिक है।
यह पर्व क्या है, इसकी क्या मान्यता है और इसका इतिहास क्या है? आइए, इन सभी सवालों के जवाब इस आर्टिकल में जानते हैं।
क्या है पत्थर मेला?
एक-दूसरे को पत्थर मारने का यह मेला शिमला से 30 किलोमीटर दूर हलोग में मनाया जाता है। इस खेल को देखने के लिए हलोग में हजारों लोगों की भीड़ जमा होती है। इस मेले में दो टीम शामिल होती है।
इस मेले में एक तरफ जथोती, तुनरू, धगोगी और करेदू कुलों के ग्रामीण होते हैं, तो दूसरी तरफ जमोगी कुल के लोग होते हैं। अनुष्ठान शुरू होने से पहले, धामी के एक पूर्व राजा द्वारा बनवाए गए भगवान नरसिंह के प्राचीन मंदिर से एक प्रार्थना जुलूस निकाला जाता है।

इसके बाद, शाही परिवार और गांव के बुजुर्गों की देखरेख में अनुष्ठान शुरू होता है, जिसमें सुरक्षा को सबसे अधिक प्राथमिकता दी जाती है।
स्थानीय प्रशासन और आयोजन समिति इस अनुष्ठान पर कड़ी नजर रखती है ताकि किसी को गंभीर चोट न लगे। मैदान के चारों ओर सुरक्षा जाल, घेराबंदी और मेडिकल टीमें तैनात की जाती हैं।
क्या है मान्यता?
इस खेल को खेलने के पीछे मान्यता है कि कई सदी पहले पहले धामी रियासत में मां भीमाकाली के मंदिर में हर साल इसी दिन परंपरा के अनुसार बलि दी जाती थी। यहां के तत्कालीन राजा राणा परिवार की रानी इस प्रथा को रोकना चाहती थी।

इसे रोकने के लिए वह चौराहे पर सती हो गई और तभी से यह परंपरा शुरू हो गई। इस जगह का नाम खेल का चौरा रखा गया है। धामी रियासत के राज परिवार की अगुआई में सदियों से यह परंपरा निभाई जा रही है।
कितने साल पुरानी है यह परंपरा?
यह परंपरा लगभग चार सदी से चलती आ रही है यानी 400 वर्षों से यह खेल खेला जा रहा है। यह अनुष्ठान बिना किसी क्रूरता के 'बलि' का प्रतीक है और गांव की अटूट आस्था और एकता को दर्शाता है। धामी राजपरिवार के प्रतिनिधि जगदीप सिंह कंवर कहते हैं कि यह सदियों पुरानी परंपरा है और हमें इसे जारी रखने और संजोने पर गर्व है।
यह मेला ईश्वर और देवी के प्रति हमारी आस्था को दर्शाता है। हम इसे आगे बढ़ाना चाहते हैं और अपनी आने वाली पीढ़ियों को इसके महत्व के बारे में बताना चाहते हैं। इस परंपरा की शुरुआत तब हुई थी, जब राजपरिवार के मार्गदर्शन में ग्रामीणों ने स्थानीय देवी को प्रसन्न करने के लिए मानव बलि की प्रथा को खत्म करने का फैसला किया। इसके बजाय, उन्होंने पत्थरबाजी के दौरान एक नियंत्रित तरीके से हल्की चोट पहुंचाकर रक्त की एक बूंद अर्पित करने की प्रतीकात्मक प्रथा अपनाई। इस परंपरा को आगे बढ़ाने में राजपरिवार की नई पीढ़ी भी पूरे उत्साह के साथ शामिल है। -जगदीप सिंह कंवर, धामी राजपरिवार
जगदीप सिंह के बेटे अनंजय सिंह कहते हैं...
यह एक समृद्ध परंपरा है, जिसे मैंने बचपन से देखा है। मेरे पिता ने मेरे दादाजी की विरासत को आगे बढ़ाया है और मैं भी इस समृद्ध परंपरा को बढ़ावा देना और आगे ले जाना चाहता हूं। मुझे इस उत्सव और इसकी अनूठी संस्कृति का हिस्सा बनकर खुशी हो रही है।
यह भी पढ़ें- शिक्षक नहीं तो भी नहीं रुकेगी पढ़ाई, हिमाचल के 350 स्कूलों में वर्चुअल क्लास की व्यवस्था लागू हुई
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में बनेगा हिमाचल का पहला ‘फिश पार्लर’, पर्यटकों को मिलेगा पारंपरिक स्वाद; मछुआरों की चमकेगी किस्मत
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।