Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सिरमौर के राजगढ़ नगर पंचायत में कांग्रेस को झटका, बहुमत के बाद भी उपाध्यक्ष पद गंवाया; निर्विरोध चुने गए BJP उम्मीदवार

    Updated: Wed, 10 Jun 2026 07:50 PM (IST)

    जिला सिरमौर के राजगढ़ नगर पंचायत में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा, जहां बहुमत होने के बावजूद वह उपाध्यक्ष पद नहीं बना पाई। भाजपा के नरेंद्र ठाकुर निर्विर ...और पढ़ें

    राजगढ़ नगर पंचायत में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के निर्विरोध चुने जाने के बाद सभी पार्षद एसडीएम के साथ। फोटो जागरण

    राजगढ़ नगर पंचायत में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के निर्विरोध चुने जाने के बाद सभी पार्षद एसडीएम के साथ। फोटो जागरण 

    HighLights

    1. कांग्रेस बहुमत के बावजूद राजगढ़ में उपाध्यक्ष पद से चूकी।

    2. भाजपा के नरेंद्र ठाकुर निर्विरोध उपाध्यक्ष चुने गए, कांग्रेस को झटका।

    3. कांग्रेस के विक्रम जैलदार अध्यक्ष बने, पार्टी में भीतरघात उजागर।

    जागरण टीम, नाहन/राजगढ़। जिला सिरमौर के पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के राजगढ़ में बुधवार को अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद को लेकर बड़ा उलट फेर देखने को मिला। जहां पर 7 वार्डो में से 5 पार्षद होने के बावजूद कांग्रेस पार्टी अपना उपाध्यक्ष नहीं बना पाए।

    खास बात तो यह रही कि 5 पार्षदों के बावजूद कांग्रेस पार्टी को नगर पंचायत राजगढ़ के अध्यक्ष पद पर विक्रम जैलदार तथा दो पार्षदों के साथ भारतीय जनता पार्टी के नरेंद्र ठाकुर को निर्विरोध चुना गया। अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के लिए किसी भी पार्षद ने एसडीएम एवं रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष कोई नामांकन नहीं किया।

    अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव में भाजपा ने ऐसी राजनीतिक बिसात बिछाई की कांग्रेस चारों खांने चित हो गई। 7 में से केवल दो पार्षदों वाली भाजपा को नगर पंचायत में उपाध्यक्ष का पद निर्विरोध देना अपने आप में चर्चा का विषय बन गया। जबकि कांग्रेस पार्टी के पास पूर्ण बहुमत के अधिक पांच पार्षद है। इस घटनाक्रम को उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस के लिए करारे झटके के रूप में देखा जा रहा है।

    चुनाव की खास बात यह रही कि निर्वाचित सदस्यों ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चयन किया। वहीं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की स्थिति यह रही कि उपाध्यक्ष पद के लिए नाम मनोनीत करने वाला भी कोई सदस्य सामने नहीं आया।

    खबरें और भी

    गौरतलब है कि कांग्रेस ने दो दिन पहले हुए अपनी आंतरिक बैठक में विक्रम जैलदार को अध्यक्ष तथा पूर्व नप अध्यक्ष ज्योति साहनी को उपाध्यक्ष बनाने का निर्णय लिया था। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार और पच्छाद कांग्रेस मंडल अध्यक्ष सुनील शर्मा ने भी ज्योति साहनी को उपाध्यक्ष बनाए जाने के लिए पूरे प्रयास किए, लेकिन इसके बावजूद कांग्रेस के ही चुने हुए पार्षदों ने उन्हें नकार दिया। यही कारण रहा कि कांग्रेस उपाध्यक्ष पद पर अपना उम्मीदवार तक खड़ा नहीं कर पाई।

    राजनीतिक हलकों में यह निर्णय चुनावों के दौरान हुए भीतरघात से भी जोड़कर देखा जा रहा है। इस बार अध्यक्ष पद अनारक्षित था और नगर पंचायत बनने के बाद कांग्रेस की ओर से विक्रम जैलदार को मुख्य दावेदार माना जा रहा था। लेकिन उन्हें हराने के लिए न केवल कांग्रेस से ही दीपक धीर को चुनाव मैदान में उतारा गया, बल्कि कांग्रेस के ही कुछ लोगों ने उनके खिलाफ प्रयास भी किए।

    हालांकि, विक्रम जैलदार चुनाव जीतकर अध्यक्ष बने, लेकिन उन्हें हराने के प्रयासों का ही परिणाम रहा कि पांच सीटें जीतने के बावजूद कांग्रेस उपाध्यक्ष पद भी गंवा बैठी। नगर पंचायत राजगढ़ में आरंभ से सक्रिय रुचि ले रहे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार को भी इस परिणाम से निराशा हाथ लगी।

    राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह फैसला स्थानीय स्तर पर बदले सियासी समीकरणों, आपसी सहमति और आंतरिक असंतोष को स्पष्ट रूप से दर्शाता है। इस अवसर पर नवनिर्वाचित अध्यक्ष विक्रम जैलदार ने उन्हें विजयी बनाने के लिए अपने वार्ड के लोगों तथा सहयोग करने वाले सभी साथियों का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत के सभी वार्डों का समान रूप से विकास किया जाएगा।

    वहीं, भाजपा समर्पित उपाध्यक्ष नरेंद्र ठाकुर ने शहर की समस्याओं का चरणबद्ध तरीके से समाधान करने की बात कही। ताजपोशी के बाद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ने अन्य पार्षदों के साथ शिरगुल मंदिर में माथा टेककर क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। इसके पश्चात निकाले गए विजय जुलूस में पच्छाद विधायक रीना कश्यप भी शामिल हुईं। उन्होंने नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष नरेंद्र ठाकुर को बधाई देते हुए नगर पंचायत में विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद जताई।

    इस मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनंद परमार ने कहा कि अध्यक्ष पद पर कांग्रेस के विक्रम जैलदार की नियुक्ति हुई है और उन्हें उम्मीद है कि वह राजगढ़ के लोगों की समस्याओं का समाधान कर नगर को विकास की दिशा में आगे ले जाएंगे।