हिमाचल में दर्दनाक हादसा: शिलाई में कार खाई में गिरने से पिता-पुत्र की मौत, 10 साल की बेटी 500 मीटर दूर मिली
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई, जबकि 10 वर्षीय बेटी ...और पढ़ें

शिलाई सड़क हादसे में मारे गए सोहन का बेटी व पत्नी के साथ फोटो और दायें अस्पताल में उपचाराधीन बच्ची।
HighLights
पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत, कार खाई में गिरी।
10 वर्षीय बेटी 500 मीटर दूर घायल अवस्था में मिली।
मृतक एसडीएम कार्यालय में कार्यरत थे, पत्नी पुलिस में।
जागरण टीम, नाहन। हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में रात को बेहद दर्दनाक सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई, जबकि 10 साल की बच्ची लापता हो गई थी जो सुबह घायल हालत में मिली। शिलाई क्षेत्र के कांडों भटनोल में यह हादसा हुआ है। इनकी कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। दुर्गम क्षेत्र होने के कारण रेस्क्यू अभियान में भी दिक्कत का सामना करना पड़ा। बताया जा रहा है मृतक एसडीएम कार्यालय में कार्यरत था।
पिता-पुत्र मिले मृत
एचपी 85-0365 नंबर की कार देर रात को दुर्घटनाग्रस्त हुई थी। मौके पर कार में सवार 40 वर्षीय सोहन सिंह पुत्र हीरा सिंह निवासी गांव कमोटा, तहसील शिलाई, जिला सिरमौर और उनके बेटे 8 वर्षीय शिवांशु ठाकुर की मृत्यु हो गई थी।
10 साल की बेटी 500 मीटर दूर मिली
कार में सवार 10 वर्षीय बेटी अन्वी ठाकुर पुत्री सोहन सिंह मौके पर नहीं मिली थी, जिसकी तलाश की गई तो वह करीब 500 मीटर की दूरी पर मिली। लड़की को हल्की चोटें आई हैं।
अंधेरे में भटकती रही बच्ची
बताया जा रहा है बच्ची अंधेरे में भटकती रही और घटनास्थल से आधा किलोमीटर दूर बरामद हुई। कार खाई में गिरने के दौरान बच्ची गाड़ी से बाहर गिर गई थी। घायल अन्वी को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, जहां एसडीएम शिलाई जसपाल ने उसका हाल जाना।
पत्नी पुलिस में खुद एसडीएम ऑफिस में थे कार्यरत
मृतक सोहन सिंह एसडीएम ऑफिस शिलाई में जेओए आईटी के पद पर तैनात थे। उनकी पत्नी शिलाई पुलिस थाना में कॉन्स्टेबल हैं। रात को सोहन अपने बच्चों के साथ घर के लिए निकले थे और अचानक यह हादसा हो गया।
क्या कहते हैं एसपी सिरमौर
जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी ने कार दुर्घटना में दो लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
शिमला में मां-बेटे की हुई मौत
गत दिवस शिमला के टिक्कर क्षेत्र में भी एक बेहद दर्दनाक हादसा हुआ था। इस हादसे में मां-बेटे सहित 5 लोगों की मौत हो गई थी। अब दूसरे दिन सिरमौर में इस तरह का हादसा पेश आया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।