विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फौजियों की पत्नी और गर्लफ्रेंड पर टिप्पणी का मामला भड़का, हिमाचल की इन्फ्लुएंसर के विरुद्ध FIR दर्ज

By Neha Sharma Edited By: Rajesh Sharma
Published: Thu, 16 Apr 2026 05:15 PM (IST)Updated: Thu, 16 Apr 2026 06:01 PM (IST)

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर इशिता पुंडीर के खिलाफ भारतीय सेना के जवानों पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।

इन्फ्लुएन्सर इशिता पुंडीर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

इन्फ्लुएन्सर इशिता पुंडीर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

HighLights

  1. इन्फ्लुएंसर इशिता पुंडीर पर फौजियों पर टिप्पणी का मामला।

  2. राजगढ़ भूतपूर्व सैनिक संगठन ने दर्ज कराई शिकायत।

  3. इशिता के बैंक खातों की जांच की भी मांग।

जागरण संवाददाता, नाहन। हिमाचल प्रदेश में जिला सिरमौर की एक इन्फ्लुएंसर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। नौहराधार तहसील के देवा मानल गांव की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर इशिता पुंडीर पर भारतीय सेना के जवानों पर टिप्पणी करने का आरोप है। इस वीडियो के वायरल होने पर देशभर से प्रतिक्रिया आने लगी तो इशिता ने अपने फेसबुक पेज से इसे डिलीट कर दिया। लेकिन तब तक यह वीडियो सैकड़ो बार बार शेयर हो चुका था तथा कई लोगों ने इसे डाउनलोड कर सबूत के तौर पर रख लिया।

इसके बाद इशिता पुंडीर ने एक अन्य वीडियो बनाकर फौजियों से माफी भी मांगी। वीरवार को राजगढ़ पुलिस थाना में पहुंचकर भूतपूर्व सैनिक संगठन राजगढ़ के पदाधिकारियों ने इशिता पुंडीर द्वारा फौजियों के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने के मामले में शिकायत दर्ज करवाई। साथ ही इशिता पुंडीर के अकाउंट की भी जांच की मांग की।

वहीं, सरकाघाट में हिमाचल कांग्रेस महासचिव यदोपति ठाकुर ने भी इस मामले में एसपी सिरमौर को शिकायत सौंपी है।

पाकिस्तान से अधिक फॉलोअर

रिटायर्ड नायब सूबेदार बृजमोहन ने मीडिया को जारी बयान में कहा कि इशिता पुंडीर के अधिक फॉलोअर पाकिस्तान तथा बांग्लादेश से हैं। उन्हें आशंका है कि देश के फौजियों को बदनाम करने के लिए इशिता पुंडीर ने यह वीडियो किसी आईएसआई एजेंट के कहने पर बनाया हो। उन्होंने पुलिस तथा सरकार से इशिता पुंडीर के बैंक अकाउंट की भी जांच करने की मांग की। आरोप है कि इशिता इससे पहले भी कई विवादित पोस्ट कर चुकी हैं। 

फौजी की पत्नी पर विवादित टिप्पणी

हाल ही में इशिता पुंडीर ने अपने एक वीडियो में कहा था कि “फौजी देश और भारत माता के लिए तो लॉयल हो सकते हैं, लेकिन 90 प्रतिशत से ज्यादा फौजी अपनी पत्नी या गर्लफ्रेंड के लिए लॉयल नहीं होते।” जब फौजी छुट्टियों में घर आते हैं, तो वह चार-पांच गर्लफ्रेंड के साथ घूमते हैं। इस बयान के सामने आते ही सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं शुरू हो गईं।

यूजर्स ने तीखी प्रतिक्रिया

लोगों का कहना है कि जो सैनिक दिन-रात देश की रक्षा में लगे रहते हैं, उनके चरित्र पर इस तरह की टिप्पणी करना निंदनीय है। कई यूज़र्स ने इसे गैर-जिम्मेदाराना बताते हुए कहा कि एक कंटेंट क्रिएटर को अपनी सीमाओं का ध्यान रखना चाहिए। सोशल मीडिया पर यूज़र्स ने यहां तक कहा कि ऐसे बयानों से समाज में गलत संदेश जाता है और इससे देश के जवानों की छवि को नुकसान पहुंचता है।

एक यूज़र ने लिखा “इशिता पुंडीर, बोला उतना करो जो बाद मैं डिलीट न करने पड़े, सैनिकों पर टिप्पणी करना दुर्भाग्यपूर्ण” है।

इशिता ने माफी मांगी पर लोग आक्रोशित

विवाद बढ़ने के बाद इशिता पुंडीर ने सोशल मीडिया के जरिए सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली। हालांकि, इसके बावजूद लोगों का गुस्सा कम होता नजर नहीं आ रहा है। कई लोग अब भी कड़ी कार्रवाई और जवाबदेही की मांग कर रहे हैं। 

देश के सैनिकों के सम्मान से जुड़ा यह मामला केवल एक बयान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज की उस संवेदनशीलता को भी दिखाता है, जहां जवानों के सम्मान के साथ किसी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाता।

क्या कहते हैं एसपी सिरमौर

जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रत्येक पहलू की जांच कर मामले में आगामी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें: BJP विधायक आशीष शर्मा के भाई और चाचा की बढ़ी मुश्किलें, हमीरपुर कोर्ट ने अवैध खनन मामले में पुलिस रिमांड पर भेजे