सड़कों की बदहाली पर माजरा में जोरदार प्रदर्शन, भाजपा अध्यक्ष बिंदल ने उठाए सवाल; गड्ढों में समा गए रोड
सिरमौर के नाहन में बदहाल सड़कों और मूलभूत सुविधाओं को लेकर स्थानीय लोगों व भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।

नाहन के माजरा में बदहाल सड़कों के विरोध में प्रदर्शन करते भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल व अन्य। जागरण
HighLights
नाहन में बदहाल सड़कों पर स्थानीय लोगों का प्रदर्शन।
भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल भी हुए प्रदर्शन में शामिल।
बिंदल ने सरकार को बताया 'हिमाचल की सबसे निकम्मी सरकार'।
जागरण संवाददाता, नाहन। हिमाचल प्रदेश में जिला सिरमौर के नाहन विधानसभा क्षेत्र के कटासन माता मंडल में सड़कों की बदहाल स्थिति और मूलभूत सुविधाओं को लेकर स्थानीय लोगों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। सैकड़ों लोगों ने माजरा की सड़क पर उतरकर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की। प्रदर्शन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल भी शामिल हुए।
हिमाचल की सबसे निकम्मी सरकार : बिंदल
उन्होंने प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोला। डॉ. बिंदल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के राजनीतिक इतिहास की सबसे निकम्मी सरकार मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में चल रही वर्तमान कांग्रेस सरकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि पौने चार वर्षों के कार्यकाल में कांग्रेस के विधायकों, मंत्रियों, मुख्यमंत्री और उनके मित्रों ने जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय केवल अपने हित साधने और अपने लिए सुख-सुविधाएं जुटाने का काम किया है।
सड़कें बदहाल
आज प्रदेश की सड़कों की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि यह तय करना मुश्किल है कि “सड़कों में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क।” बरसात के दौरान स्थिति और गंभीर हो गई है तथा अनेक क्षेत्रों में लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
“बिजली आती कम, जाती ज्यादा और बिल चार गुना”
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सड़क, बिजली और पानी जैसी तीन मूलभूत आवश्यकताओं की स्थिति कांग्रेस सरकार में बद से बदतर हो गई है। उन्होंने कहा, “बिजली आती कम है, जाती ज्यादा है और बिल चार गुना आ रहे हैं।” पानी की व्यवस्था भी चरमरा रही है और आम जनता रोजमर्रा की जरूरतों के लिए परेशान हो रही है।
स्वास्थ्य सेवाएं भी बदहाल
उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर भी सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रदेश के स्वास्थ्य संस्थानों की हालत खराब है। लोगों को समय पर पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। सरकार को जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं रह गया है। प्रदेश की जनता त्रस्त है और सरकार अपने मित्रों की सेवा में मस्त है।
विकास कार्य भी ठप
डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आने के बाद जनहित के अनेक संस्थानों पर ताले लगाने का काम किया और अब विकास कार्य भी ठप पड़े हैं। जनता सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली से परेशान हो चुकी है तथा प्रदेशभर में सरकार के खिलाफ आक्रोश बढ़ रहा है। डॉ. बिंदल ने कहा कि भाजपा जनता की सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठाती रहेगी और कांग्रेस सरकार को उसकी जनविरोधी नीतियों के लिए जवाबदेह बनाएगी।
