Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    अंबाला-देहरादून हाईवे पर हिमाचल के नाहन में बो-स्ट्रिंग ब्रिज तैयार, नितिन गडकरी करेंगे लोकार्पण

    By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
    Updated: Tue, 23 Jun 2026 01:06 PM (IST)

    केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी अंबाला-देहरादून नेशनल हाईवे-07 पर नाहन में 180 मीटर लंबे बो-स्ट्रिंग ब्रिज का वर्चुअल लोकार्पण करेंगे। यह पुल मारकंडा नदी ...और पढ़ें

    नाहन में बनाया गया धनुषाकार पुल। जागरण

    नाहन में बनाया गया धनुषाकार पुल। जागरण

    HighLights

    1. केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी करेंगे 180 मीटर पुल का लोकार्पण।

    2. मारकंडा नदी पर 18-20 करोड़ की लागत से बना।

    3. पुराना जर्जर पुल बदलेगा, यातायात होगा अधिक सुगम।

    जागरण संवाददाता, नाहन। जिला सिरमौर से गुजरने वाले अंबाला-कालाअंब-देहरादून नेशनल हाईवे-07 पर नाहन विधानसभा क्षेत्र में 180 मीटर लंबे बो-स्ट्रिंग ब्रिज का केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी वर्चुअल लोकार्पण करेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10 बजे पुल को जनता को समर्पित किया जाएगा। इस दौरान नेशनल हाईवे अथॉरिटी के अधिकारियों के साथ-साथ कई लोग मौजूद रहेंगे। मंत्रालय ने उद्घाटन समारोह की तैयारियां कर ली हैं।

    मारकंडा नदी पर बना है पुल

    बता दें कि मारकंडा नदी पर खजुरना में बने इस पुल के निर्माण पर 18 से 20 करोड़ रुपये की लागत आई है। पिछले एक साल से इस पुल का निर्माण कार्य नेशनल हाईवे के अधिकारियों की निगरानी में तीव्र गति से जारी रहा। बो-स्ट्रिंग पुल को बेहद ही आकर्षक तरीके से तैयार किया गया है, जो देखने में एक तरह से धनुषाकार आकृति में है।

    दशकों पुराने आर्ट ब्रिज की जगह लेगा

    इस पुल के शुरू होने से वाहन चालकों को हाईवे पर लगभग 400 मीटर की घुमावदार दूरी से राहत मिलेगी। यह नया पुल दशकों पुराने आर्ट ब्रिज की जगह लेगा, जो वर्तमान समय में जर्जर स्थिति में पहुंच चुका है। आधुनिक तकनीक से तैयार यह पुल न केवल आवागमन को आसान बनाएगा, बल्कि भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

    क्या कहते हैं अधिकारी

    नेशनल हाईवे नाहन मंडल के अधिशासी अभियंता ईं. राकेश खंडूजा ने 24 जून को पुल के उद्घाटन की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुल के निर्माण से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था अधिक सुरक्षित, तेज और सुगम होगी। 

    खबरें और भी

    फोरलेन के साथ पुल से सुगम होगा सफर

    उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय राजमार्ग-07 पर देहरादून से पांवटा साहिब तक उत्तराखंड क्षेत्र में फोरलेन निर्माण कार्य पहले ही पूरा किया जा चुका है। वहीं कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र से हरियाणा सीमा तक भी फोरलेन परियोजना पूरी हो चुकी है। हालांकि पांवटा साहिब से कालाअंब तक हिमाचल प्रदेश के हिस्से में फोरलेन निर्माण कार्य अभी शेष है, लेकिन इसी हाईवे पर निर्मित यह बो स्ट्रिंग पुल अब लोकार्पण के लिए पूरी तरह तैयार है।

    यह पुल भविष्य में प्रस्तावित फोरलेन परियोजना के लिए महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना साबित होगा। साथ ही वर्तमान में भी यह राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात को बेहतर बनाने और क्षेत्रीय विकास को गति देने में अहम भूमिका निभाएगा।