विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सिरमौर में मूसलाधार बारिश ने मचाई तबाही, गड्ढों में तब्दील हुईं सड़कें; 4 फीट तक भरा पानी

Published: Fri, 04 Sep 2026 03:50 PM (IST)

सिरमौर जिले में दो सप्ताह से जारी मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया, जिससे सड़कें जलमग्न हो गईं, यातायात ...और पढ़ें

कालाअंब पांवटा साहिब एनएच पर जलभराव, ट्राला पलटा।

कालाअंब पांवटा साहिब एनएच पर जलभराव, ट्राला पलटा।

HighLights

  1. मूसलाधार बारिश से सिरमौर में जनजीवन अस्त-व्यस्त

  2. कालाअंब-पांवटा साहिब NH 07 पर हुआ सड़क हादसा

  3. औद्योगिक क्षेत्र में जल निकासी की व्यवस्था बदहाल

जागरण संवाददाता, नाहन। जिला सिरमौर में पिछले दो सप्ताह से जारी बारिश के बीच शुक्रवार को भी मूसलाधार वर्षा ने जनजीवन को बुरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। जिले के कई हिस्सों में सड़कें जलमग्न हो गईं, नाले उफान पर आ गए और जगह-जगह यातायात प्रभावित हुआ।

हालात ऐसे रहे कि कई सड़कें कुछ समय के लिए सड़क कम और बहती नदी ज्यादा नजर आईं। कालाअंब पांवटा साहिब एनएच 07 पर सतीवाला कटासन देवी के ढाल के समीप नाले का पानी सड़क पर आ जाने से भारी जलभराव हो गया। पानी के तेज बहाव और सड़क पर जमा पानी के कारण छोटे-बड़े वाहनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

इसी स्थान पर पुल के नजदीक एक छोटी गाड़ी के ट्राले से टकराने के बाद हादसा हो गया। दुर्घटना के दौरान बड़ा ट्राला सड़क किनारे धंसकर पलट गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली, हालांकि दोनों वाहनों को नुकसान पहुंचा है।

Sirmaur Rain

वहीं, भारी बारिश होने से कालाअंब पांवटा साहिब नेशनल हाईवे पर जगह-जगह गड्ढे पड़ गए हैं। इन गड्ढों से वाहन चालकों को वाहन चलाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब से त्रिलोकपुर की ओर जाने वाली लोक निर्माण विभाग की सड़क का बड़ा हिस्सा शुक्रवार को भी बारिश से जलमग्न हो गया। रुचिरा पेपर मिल और इसके पीछे की ओर कई स्थानों पर पानी की निकासी न होने के कारण सड़क पर करीब तीन से चार फुट तक पानी जमा हो गया।

सड़क पर पानी का इतना तेज बहाव रहा कि यह मार्ग नदी का रूप लेता दिखाई दिया। इस दौरान सड़क से गुजरने वाले कई वाहन पानी में फंस गए और कुछ वाहनों को नुकसान पहुंचने की भी सूचना है। औद्योगिक क्षेत्र में जल निकासी की बदहाल व्यवस्था ने एक बार फिर सिस्टम की तैयारियों पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। सवाल यह है कि हर वर्ष बरसात में जलभराव की समस्या सामने आने के बावजूद स्थाई निकासी व्यवस्था क्यों नहीं की जा रही।

इसके अलावा नाहन से कालाअंब की ओर जाने वाले मार्ग पर फोनिक्स उद्योग और ब्लू स्टार के बीच सड़क का एक बड़ा हिस्सा धंस गया, जिसके कारण यातायात बाधित रहा और लंबे समय तक जाम की स्थिति बनी रही। लगातार बारिश के कारण वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों और धीमी रफ्तार से सफर करना पड़ा।