Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हिमाचल में भाजपा का मिशन उड़ान-2027 तैयार, विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटे नेता, हार से सबक लेते हुए किए बड़े सुधार

    By Jagran News Edited By: Rajesh Sharma
    Updated: Thu, 06 Nov 2025 11:24 AM (GMT+05:30)

    भाजपा ने 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए 'मिशन उड़ान 2027' की शुरुआत की है। कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपकर चुनावी तैयारियों को मजबूत किया जा रहा है। ...और पढ़ें

    हिमाचल प्रदेश भाजपा के मिशन उड़ान 2027 अभियान की शुरुआत करते नेता। जागरण

    हिमाचल प्रदेश भाजपा के मिशन उड़ान 2027 अभियान की शुरुआत करते नेता। जागरण

    HighLights

    1. भाजपा का मिशन उड़ान 2027 शुरू

    2. 2027 चुनाव के लिए तैयारी

    3. हर बूथ पर 50 कार्यकर्ता

    सुनील शर्मा, सोलन। भाजपा ने 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रदेशभर में करीब 25 हजार कार्यकर्ताओं को दायित्व सौंपने के बाद बद्दी में मिशन उड़ान 2027 नामक दो दिवसीय कार्यकर्ता सम्मेलन से चुनावी तैयारियों को धार दी।

    प्रदेशाध्यक्ष डा. राजीव बिंदल की टीम गठन के बाद यह पहला बड़ा आयोजन है। इसमें मोर्चों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों को दायित्व, संगठनात्मक लक्ष्य और जनता के बीच भूमिका के लिए संकल्पित किया गया।

    सम्मेलन का उद्देश्य फील्ड में उतरने से पहले कार्यकर्ताओं को समझाया जाए कि जनता से संवाद के दौरान किस प्रकार भाजपा की नीतियों और उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से रखा जाए।

    कांग्रेस बिना संगठन, भाजपा के लिए सही समय

    बिंदल ने कहा कि भाजपा ने उड़ान 2027 को प्रदेश की नई राजनीतिक दिशा के रूप में तय किया है। प्रदेश में कांग्रेस बिना संगठन के चल रही है। भाजपा के लिए यह सही समय है जब वह जनता के बीच जाकर लक्ष्य व नीतियों को प्रस्तुत करे। तीन वर्ष पहले झूठ के सहारे सत्ता में आई कांग्रेस ने बेरोजगारों व महिलाओं को ठगा है। 

    पिछली हार से सबक लेते हुए व्यापक सुधार

    पार्टी ने विधानसभा चुनाव की हार से सबक लेते हुए संगठन में व्यापक सुधार किए हैं। भाजपा प्रशिक्षण कार्यक्रमों से हर कार्यकर्ता को सक्रिय करने की रणनीति पर काम कर रही है। भाजपा प्रदेश सरकार के वादों को लेकर जनता के बीच जाएगी। कांग्रेस के पांच लाख नौकरियों, महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह भत्ता और 300 यूनिट निश्शुल्क बिजली जैसे वादों को चुनावी मुद्दा बनाने का निर्णय लिया है। एससी वर्ग और युवाओं में पैठ मजबूत करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।

    खबरें और भी

    जयराम ने भी भरा जोश

    बद्दी स्थित पूजा पैलेस में भाजपा कार्यसमिति की दो दिवसीय प्रदेशस्तरीय बैठक के पहले दिन हुए सम्मेलन की शुरुआत डा. राजीव बिंदल ने की। इसमें भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सहप्रभारी संजय टंडन, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा। 

    ओबीसी मोर्चा को विस्तार की योजना

    बिंदल ने बताया कि सम्मेलन के पहले सत्र में युवा, महिला, किसान, अनुसूचित जाति, जनजाति, अल्पसंख्यक और ओबीसी मोर्चा के प्रमुखों को समाज के प्रत्येक वर्ग में भाजपा हमारा विचार उसका विस्तार करने की योजना की जानकारी दी। दूसरे सत्र में पदाधिकारियों, मीडिया, इंटरनेट मीडिया, आइटी विभाग से पार्टी व विधानसभा चुनाव की रणनीति तय की गई। सम्मेलन के दूसरे दिन छह नवंबर को अलग-अलग प्रकोष्ठों का वर्ग होगा। 

    गांधी परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है कांग्रेस की राजनीति : श्रीकांत

    भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने कहा कि भाजपा राष्ट्र विरोधी ताकतों को स्वीकार नहीं करेगी। भाजपा आतंकवाद और नक्सलवाद के प्रति 'शून्य-सहिष्णुता' की नीति अपनाती है और राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा,  कांग्रेस की राजनीति व संगठनात्मक संरचना गांधी परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है। 

    कांग्रेस के वादे झूठी गारंटी का बंडल : जयराम

    नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल में झूठ बोलने वाली एक्सप्रेस ट्रेन चल रही है, जिस प्रदेश में जाती है उसमें झूठ बोलने में लग जाती है। जयराम ने कांग्रेस के वादों को "झूठी गारंटी का बंडल" कहा। कांग्रेस कभी वादों को पूरा नहीं कर सकती। 

    यह भी पढ़ें: हिमाचल कांग्रेस एक साल से बिना संगठन, दिल्ली तक हुई कई बैठकें रही बेनतीजा; पंचायत चुनाव से पहले क्या है तैयारी? 

    हर बूथ पर 50 कार्यकर्ता होंगे तैनात

    भाजपा ने सभी मोर्चों को हर बूथ पर 50 कार्यकर्ता तैनात करने का लक्ष्य दिया है। हर मोर्चे के बूथ को मजबूत करने व भागीदारी सुनिश्चित करते हुए 50 कार्यकर्ता अनिवार्य कर दिए हैं। अनुशासन पर सख्ती बरतते हुए कहा कि पार्टी के खिलाफ जाने वालों को कार्यसमिति में भी स्थान नहीं दिया है, पार्टी अनुशासन मामले में आगे भी सख्त रहेगी। पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के दिन हर माह बैठक करने का निर्णय लिया है। इस दिन प्रधानमंत्री के मन की बात सुनने के साथ बड़े नेता बूथ के नेताओं से बातचीत भी करेंगे। 

    यह भी पढ़े: शिमला-कालका ट्रेन में सफर के लिए गजब उत्साह, सभी रेलगाड़ियां एक महीने के लिए बुक, आखिर क्यों है सैलानियों की पहली पसंद?