विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

5 सेकंड की देरी और... हिमाचल में भारी बारिश के बीच दुकान छोड़कर भागा युवक, सामने आया रोंगटे खड़े कर देगा वीडियो

Published: Fri, 04 Sep 2026 09:05 AM (GMT+05:30)

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और बाढ़-भूस्खलन का दौर जारी है, परवाणू में एक दुकानदार को अपनी जान बचाने के लिए दुकान छोड़कर भागना पड़ा।

HighLights

  1. परवाणू में दुकान में पानी घुसने से दुकानदार भागा

  2. चंडीगढ़-शिमला हाईवे पर फ्लाईओवर के पास मिट्टी खिसकी

  3. सेक्टर 5 का पुल टूटा, कई घरों में पानी भरा

जागरण संवाददाता, परवाणू। हिमाचल प्रदेश में बाढ़-भूस्खलन का दौरा जारी है। तेज बारिश के दौरान परवाणु के चक्की मोड़ में दुकान में पानी घुसने से दुकानदार को जान बचाने के लिए दुकान से भागना पड़ा।

चंद मिनट की देरी होती तो इसके भयावह परिणाम हो सकते थे। पानी के तेज बहाव के कारण दुकान में रखा सामान भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

वहीं, कई स्थानों पर बाढ़ के कारण पेयजल पाइपलाइन दोबारा क्षतिग्रस्त हो गई, जिसके बाद कर्मचारियों को फिर से मरम्मत कार्य में जुटना पड़ा।  कामली रोड पर चंडीगढ़-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग के ऊपर से गुजर रहे फ्लाईओवर के एक पिलर के पास से बुधवार रात भारी बारिश से मिट्टी खिसक गई।

पिलर के नीचे का हिस्सा हुआ खाली

इससे पिलर की नींव के आसपास काफी हिस्सा खाली हो गया। सूचना मिलने के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों ने पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

अधिकारियों के अनुसार फ्लाईओवर का पिलर करीब 24 मीटर की गहराई तक बना हुआ है, इसलिए फिलहाल पिलर को खतरा नहीं है। लोक निर्माण विभाग ने वीरवार को परवाणू-कामली सड़क पर क्षतिग्रस्त पुल की मरम्मत कर इसे यातायात के लिए बहाल कर दिया।

सेक्टर पांच में पिछली वर्षा में क्षतिग्रस्त
हुए पुल को पहले ही आवाजाही के लिए बंद किया गया था, लेकिन बुधवार रात हुई वर्षा के बाद पुल पूरी तरह टूट गया।

मणिमहेश यात्रा के पास तेज बहाव से मकान का डंगा गिरा

सेक्टर-चार में मणिमहेश मंदिर के पास नाले में तेज पानी के बहाव के कारण एक मकान का डंगा गिर गया। एचपीएमसी के समीप नाले में पानी का बहाव बढ़ने से किनारे की मिट्टी बह गई है, जिससे संयंत्र को भी नुकसान पहुंचने की आशंका बनी हुई है।

सेक्टर-छह में रेलवे ट्रैक से आया पानी कालोनी में घुस गया, जिससे कई मकानों में पानी भर गया। वहीं देहली के समीप पहाड़ी से मलबा आने के कारण एक दुकान को भी नुकसान पहुंचा है। अतिरिक्त जिलाधीश सोलन ने कसौली के एसडीएम कैप्टन महेंद्र प्रताप, नायब तहसीलदार शकुंतला पटियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ नुकसान का जायजा लिया।